शराब घोटाला :- फरार आरोपी विजय भाटिया गिरफ्तार, दिल्ली से पकड़ा गया आरोपी
छत्तीसगढ़ – बहुचर्चित शराब घोटाले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में बड़ी खबर सामने आई है कि आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा ने एक बार फिर विजय भाटिया के दुर्ग स्थित आवास पर छापा मारा है।
वहीं, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने फरार आरोपी विजय भाटिया को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। भाटिया को पूछताछ के लिए छत्तीसगढ़ लाया जा रहा है।
विजय भाटिया को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का करीबी माना जाता है। इससे पहले ईओडब्ल्यू, एसीबी और ईडी की टीमें तीन बार नेहरू नगर स्थित भाटिया के ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी हैं। पिछली बार भाटिया फरार हो गया था, लेकिन इस बार उसे दिल्ली से पकड़ा गया।
यह घोटाला 2019 से 2022 तक सरकारी शराब की दुकानों द्वारा अवैध शराब की बिक्री से संबंधित है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच में पता चला है कि इस घोटाले के कारण छत्तीसगढ़ सरकार को 2,000 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
ईडी की रिपोर्ट के मुताबिक, तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के एमडी एपी त्रिपाठी और अनवर ढेबर ने मिलकर इस घोटाले को अंजाम दिया था। आरोप है कि यह पूरा नेटवर्क राज्य में अवैध रूप से शराब बांटकर मोटा मुनाफा कमा रहा था।

