नक्सली बसव राजू को तुर्की के वामपंथियों ने दी श्रद्धांजलि, विदेशी कनेक्शन
छत्तीसगढ़ – बीजापुर जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जिसने देश की सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय साजिश के पहलुओं को उजागर कर दिया है। नक्सली संगठन के शीर्ष कमांडर बसव राजू की मौत के बाद, तुर्की के एक वामपंथी उग्रवादी संगठन ने उसको श्रद्धांजलि दी।
इतना ही नहीं भारत सरकार की आलोचना करते हुए एक वीडियो भी जारी किया है। वीडियो में एक नकाबपोश व्यक्ति बसव राजू को क्रांतिकारी बताते हुए बयान पढ़ते नजर आ रहा है।
इस घटना ने नक्सलियों के वैश्विक नेटवर्क पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो के जरिए यह साफ संकेत मिलता है कि भारत में सक्रिय वामपंथी उग्रवादी संगठनों के संपर्क इंटरनेशनल वामपंथी गुटों से बने हुए हैं। इससे देश की आंतरिक सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो रही हैं।
पुलिस महानिरीक्षक पी. सुदरराज ने इस वीडियो की प्रामाणिकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसकी जांच की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि बसव राजू कोई विचारक या नायक नहीं, बल्कि एक खतरनाक आतंकवादी और माओवादी हिंसा का प्रतीक था। बसव राजू एक विफल, क्रूर और अप्रासंगिक विचारधारा का प्रतीक था, जिसने हजारों निर्दोष आदिवासियों की जान ली। उसकी मौत बस्तर ही नहीं, पूरे देश के लिए राहत की बात है।
IG सुदरराज ने यह भी कहा कि माओवादियों के समर्थक और विदेशी संगठन बसव राजू के खूनी इतिहास को छिपाकर उसे महिमामंडित करने की जो कोशिश कर रहे हैं, वह कभी सफल नहीं होगी।

