March 6, 2026

मौदहापारा थाने के अंदर युवक ने ब्लेड से खुद का गला काटकर आत्महत्या की कोशिश,पुलिस के पूछने पर जवाब दिया- मुझे मरना है

0
Screenshot_2025-05-31-00-00-49-40_f69d2d4a32b4f77b91ec4b2292b7ef16_copy_904x581

छत्तीसगढ़ – रायपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मौदहापारा थाने के अंदर एक युवक ने अचानक ब्लेड से खुद का गला काटकर आत्महत्या की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों की सतर्कता से युवक की जान बच गई और उसे तुरंत मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

यह घटना 29 मई की शाम करीब 8 बजे की बताई जा रही है। 25 वर्षीय सूरज नाथ जोगी, जो कुशालपुर इलाके का निवासी है, मौदहापारा थाने में अचानक दाखिल हुआ। पुलिस कर्मियों के पूछने पर कि वह क्यों आया है, उसने जवाब दिया- मुझे मरना है। इसके कुछ ही पल बाद उसने अपने हाथ में छिपाया हुआ ब्लेड निकालकर खुद के गले पर वार कर लिया।

थाने के अंदर हुई यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि युवक थाने में दाखिल होता है, बातचीत करता है और फिर अचानक ब्लेड से आत्मघाती कदम उठा लेता है। जैसे ही खून बहने लगता है, पुलिस कर्मी तुरंत हरकत में आते हैं और उसे अस्पताल ले जाते हैं।

पुलिस पूछताछ में युवक के भाई ने बताया कि सूरज नाथ जोगी नशे का आदी है और इससे पहले भी इस तरह की हरकतें कर चुका है। परिजनों ने कई बार उसकी नौकरी भी लगवाई, लेकिन वह हर बार किसी न किसी विवाद में नौकरी छोड़ देता था। युवक अविवाहित है और मानसिक रूप से परेशान रहता है।

मौदहापारा थाना प्रभारी और पुलिस टीम की तत्परता से युवक की जान बचाई जा सकी। उसे तुरंत मेकाहारा (अंबेडकर अस्पताल) में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed