March 7, 2026

एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, जांच में जुटी पुलिस

0
Screenshot_2025-05-14-13-59-20-43_f69d2d4a32b4f77b91ec4b2292b7ef16_copy_909x540

महासमुंद – जिले के बागबाहरा इलाके से आज बुधवार 14 मई को सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। दो बच्चों और एक महिला का शव बेड पर मिला, जबकि परिवार के मुखिया का शव फांसी पर लटका हुआ पाया गया। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पारिवारिक कारणों से खुदकुशी की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बसंत पटेल (उम्र 40 वर्ष) अनुसूचित जाति बालक छात्रावास, बागबाहरा में प्यून के पद पर कार्यरत थे। बुधवार सुबह जब लोग उनके घर पहुंचे तो दरवाजा बंद मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा गया, जहां यह दर्दनाक दृश्य देखने को मिला।

घर के अंदर दो बच्चे और पत्नी का शव बेड पर पड़ा मिला, जबकि बसंत पटेल का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ था। इससे मामला हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, और पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है। अभी तक किसी सुसाइड नोट की पुष्टि नहीं हुई है।

घटना के बाद स्थानीय लोग स्तब्ध हैं। मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है। आसपास के लोगों ने बताया कि परिवार शांत स्वभाव का था, ऐसे किसी कदम की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। पुलिस का कहना है कि, प्राथमिक जांच में मामला पारिवारिक तनाव और मानसिक दबाव से जुड़ा लग रहा है, लेकिन सभी तथ्यों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed