भीषण सड़क हादसा: कार सवार युवक की जलकर मौत, दो अन्य गंभीर घायल
रायपुर – नवा रायपुर इलाके में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। सेक्टर-17 में तेज रफ्तार से दौड़ रही एक कार अचानक बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में तुरंत आग लग गई और कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर खाक हो गई।
इस दर्दनाक हादसे में गौतम सतवानी नामक युवक कार चला रहा था, जो गंभीर रूप से घायल होने के चलते कार से बाहर नहीं निकल सका और कार में ही जिंदा जल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को कुछ समझने तक का मौका नहीं मिला।
गौतम के साथ कार में सवार उसके दो दोस्त प्रियांशु सचदेव और अविराज भी इस दुर्घटना में बुरी तरह घायल हो गए। मौके पर पहुंची मंदिर हसौद थाना पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह हादसा रात लगभग 2 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार, कार की स्पीड काफी अधिक थी और ड्राइवर ने अचानक नियंत्रण खो दिया, जिससे कार सीधे पोल से जा टकराई। हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी और राहत दल मौके पर पहुंचा, जिन्होंने आग बुझाने और घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया।
मंदिर हसौद पुलिस थाना ने हादसे के बाद FIR दर्ज कर ली है और अब पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कार की इतनी तेज रफ्तार का कारण क्या था, लापरवाही, नशा या तकनीकी खराबी।

