लापता बेटी की तलाश करने राजस्थान जाने के लिए ASI ने मांगी थी रिश्वत, वीडियो हुआ वायरल,SSP ने ले लिया संज्ञान
बिलासपुर – जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। चार माह से गायब नाबालिग बेटी की तलाश में मदद मांगने आई मां से कोटा थाने के एएसआई ने रिश्वत मांगी। मामला उजागर होने पर पुलिस अधीक्षक ने आरोपी एएसआई को तत्काल निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार कोटा थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी के गायब होने की शिकायत चार महीने पहले दर्ज कराई थी। इस केस में विवेचना की जिम्मेदारी थाने में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) हेमंत पाटले को सौंपी गई थी। पीड़िता अपनी बेटी की तलाश में लगातार कोटा थाने के चक्कर लगा रही थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही थी।
सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान नाबालिग के राजस्थान में होने की सूचना मिली। राजस्थान जाकर बच्ची को बरामद करने के लिए एएसआई हेमंत पाटले ने पीड़िता से 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। बेटी को वापस पाने की उम्मीद में महिला ने 20 हजार रुपये एएसआई को दे भी दिए। इस दौरान पूरी बातचीत का वीडियो वायरल हो गया, जिसमें एएसआई महिला से यात्रा खर्चे का हवाला देकर पैसे मांगते नजर आ रहे हैं।
वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मामले ने तूल पकड़ लिया। वीडियो में एएसआई पाटले पीड़िता को टीम के साथ राजस्थान जाकर बच्ची को लाने का वादा करते हुए पैसे मांगते साफ नजर आ रहे हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एएसआई को निलंबित कर दिया और लाइन अटैच कर दिया।
पुलिस विभाग ने पूरे प्रकरण की आंतरिक जांच शुरू कर दी है। यह जांच सुनिश्चित करेगी कि घटना में और कौन-कौन अधिकारी या कर्मचारी शामिल हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार, दोषी पाए जाने पर एएसआई के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित परिवार के साथ सहानुभूति और त्वरित न्याय की उम्मीद करने के बजाय, रिश्वत मांगने की मानसिकता पुलिस महकमे की छवि को धूमिल कर रही है।

