March 6, 2026

24 नक्सलियों ने छोड़ा खूनी रास्ता, 14 पर था 28.50 लाख का इनाम

0
IMG-20250428-WA0013_copy_800x533

छत्तीसगढ़ – बीजापुर जिले में नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल हुई है। यहां आज कुल 24 नक्सलियों ने सरेंडर किया है, जिनमें से 14 पर कुल 28.50 लाख रुपये का इनाम था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सरेंडर करने वाले नक्सलियों में 11 महिलाएं शामिल हैं। नक्सलियों ने ऐसे समय में सरेंडर किया है, जब 21 अप्रैल से तेलंगाना की सीमा से लगी बीजापुर की पहाड़ियों पर लगभग 24,000 सुरक्षाकर्मियों की मदद से एक बड़ा नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। 

अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में से भैरमगढ़ एरिया कमेटी सदस्य सुदरू हेमला उर्फ राजेश (33) और परतापुर एरिया कमेटी सदस्य कमली मोड़ियम पर पांच-पांच लाख रुपये, जबकि जयमोती पूनेम (24) पर तीन लाख रुपये का इनाम था। उन्होंने बताया कि इसी तरह, शामनाथ कुंजाम उर्फ मनेष (40), चैतु कुरसम ऊर्फ कल्लू (30), बुच्ची माड़वी ऊर्फ रोशनी (25), सुखमति उरसा (28) और सोमली हेमला (45) पर दो-दो लाख रुपये, जबकि बुज्जी पदम (20), सुक्को पुनेम उर्फ मंजूला (28), हिड़मे वेको उर्फ जुगनी (22), सोनी कोरसा उर्फ ललिता (30) और लच्छा ताती उर्फ पोटका (25) पर एक-एक लाख रुपये का इनाम था। अधिकारियों के मुताबिक, नक्सली मंगू पुनेम (21) 50 हजार रुपये का इनामी था।

उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने संगठन के विचारों से मोहभंग होने और उसके भीतर बढ़ते आंतरिक मतभेद के कारण समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सुरक्षित पारिवारिक जीवन जीने के लिए सरेंडर किया।

अधिकारियों के अनुसार, छत्तीसगढ़ सरकार की नई पुनर्वास नीति ने कई नक्सलियों में उम्मीद की किरण जगाई है और उन्हें संगठन से नाता तोड़ने के लिए प्रेरित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed