March 6, 2026

गांजा चोरी करने वाला आरक्षक बर्खास्त, तस्करों को पकड़ने के बाद गायब कर दी थी एक बोरी, SSP विजय अग्रवाल ने की कार्रवाई

0
Screenshot_2025-04-27-20-34-34-61_f69d2d4a32b4f77b91ec4b2292b7ef16_copy_935x513

दुर्ग – जिले में पुलिस विभाग की छवि को धक्का पहुंचाने वाला मामला सामने आया है। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में पदस्थ आरक्षक विजय कुमार धुरंधर पर गांजा तस्करी के मामले में जब्त किए गए गांजे से चोरी करने का आरोप सिद्ध हुआ है। एसएसपी विजय अग्रवाल ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया है।

3 मार्च 2025 को डायल 112 टीम में ड्यूटी कर रहे आरक्षक विजय कुमार धुरंधर को सूचना मिली थी कि कुछ लोग वाहन में गांजा ले जा रहे हैं। सूचना के बाद जब गाड़ी को रोका गया, तो पुलिस ने दो सफेद बोरी और एक लाल बोरी सहित तीन बोरियों में गांजा बरामद किया। लेकिन विजय कुमार धुरंधर ने चालाकी दिखाते हुए लाल बोरी के तीन पैकेट चालक अनिल कुमार टंडन के साथ मिलकर झाड़ियों में छिपा दिए।

गांजा तस्करों को थाने लाकर केस दर्ज करने के बाद आरक्षक विजय ने फिर से मौके पर जाकर छुपाया गया गांजा उठाया और औंधी क्षेत्र में स्थित अपने मकान में छिपा दिया। इस पूरे प्रकरण का खुलासा तब हुआ जब गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में इस चोरी का पर्दाफाश कर दिया।

गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ में जब पुलिस को आरक्षक द्वारा गांजा गायब करने की बात पता चली तो थाना प्रभारी ने गंभीरता से जांच करवाई। चालक अनिल टंडन से पूछताछ करने पर उसने सब सच उगल दिया। उसकी निशानदेही पर आरक्षक के घर से गांजे की एक बोरी भी बरामद कर ली गई।

इस खुलासे के बाद तत्कालीन एसपी जितेंद्र शुक्ला ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विजय कुमार धुरंधर और चालक अनिल टंडन को निलंबित कर दिया था। बाद में दोनों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की गई थी। अब दुर्ग के नए एसएसपी विजय अग्रवाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपी आरक्षक को सेवा से बर्खास्त कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed