March 6, 2026

हादसे के बाद कार से बरामद हुआ 80 लाख का गांजा: झाड़ियों में कराहते मिला तस्कर

0
Screenshot_2025-04-26-22-32-24-64_f69d2d4a32b4f77b91ec4b2292b7ef16_copy_915x710

जशपुर – बगीचा थाना क्षेत्र के कुहापानी गांव में एक कार हादसे के बाद पुलिस ने उसमें से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया। हादसे के बाद तस्कर घायल अवस्था में झाड़ियों में छिप गया था, जिसे पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर गिरफ्तार कर लिया। 24 अप्रैल की रात बगीचा पुलिस को सूचना मिली थी कि मुख्य सड़क पर एक मारुति अर्टिगा दुर्घटनाग्रस्त हालत में खड़ी है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो उसमें पीले टेप से लिपटे हुए 183 पैकेट गांजे के मिले। गाड़ी में ड्राइवर नहीं था, लेकिन सीट पर खून के धब्बे दिखाई दिए, जिससे पुलिस ने अनुमान लगाया कि ड्राइवर घायल हो चुका है। स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस को पता चला कि एक व्यक्ति जंगल की ओर भाग गया था। तीन टीमों के साथ सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

रात लगभग 3 बजे झाड़ियों से कराहने की आवाज सुनाई दी, जहां से घायल तस्कर राशिद अहमद को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह ओडिशा के राउरकेला का रहने वाला है और गांजा लेकर अंबिकापुर जा रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया कि कार पर लगी CG12BQ1606 नंबर प्लेट असली नहीं थी। असली गाड़ी कोरबा में मिली, जबकि एक और नंबर प्लेट OD16L9339 भी बरामद हुई, जो ओडिशा के संबलपुर से रजिस्टर्ड थी। यानी तस्कर ने पुलिस से बचने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का सहारा लिया था।

पुलिस ने आरोपी राशिद अहमद के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उसके कब्जे से कुल 1 क्विंटल 83 किलो गांजा जब्त किया गया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 80 लाख रुपये आंकी गई है।

कार और दोनों फर्जी नंबर प्लेट भी पुलिस ने जब्त कर ली हैं। घायल आरोपी का इलाज शासकीय अस्पताल बगीचा में चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed