छत्तीसगढ़ बिग ब्रेकिंग – कलेक्ट्रेट ऑफिस को RDX से उड़ाने की धमकी, कश्मीर से कलेक्टर के पास आया मेल, मचा हड़कंप
कवर्धा – जिले के कलेक्ट्रेट कार्यालय को RDX से उड़ाने की धमकी मिली है. इसके बाद हड़कंप मच गया है. कवर्धा पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. दरअसल कवर्धा डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा का गृहजिला है. धमकी भरा मेल आने के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया है.
जानकारी के मुताबिक आज कवर्धा जिले के कलेक्ट्रेट कार्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया जब यहां कलेक्टर के पास एक मेल आया. जिसमें लिखा है कि दोपहर 2:30 बजे कलेक्टर कार्यालय को RDX से उड़ा देंगे. बताया जा रहा है कि ये मेल कश्मीर से आया है. इस मेल के आते ही पूरे जिले में हड़कंप मच गया है. पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची है. पूरे इलाके की जांच चल रही है. पूरे कलेक्ट्रेट और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
इस मेल के बाद अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है. कलेक्ट्रेट में संचालित सभी दफ्तरों को खाली कराया जा रहा है. सुरक्षा के दृष्टिकोण से कलेक्ट्रेट आने-जाने वाले लोगों को भी रोका जा रहा है. पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है. पुलिस अधिकारी सबसे पहले इस बात का पता लगा रहे हैं कि कहीं परिसर में बम छिपाया गया तो नहीं है. इस मेल में कितनी सच्चाई है या फिर महज अफवाह है. पुलिस अफसरों ने बताया कि जांच के बाद ही कुछ कहेंगे. बहरहाल इस धमकी भरे मेल ने सिर्फ कवर्धा में ही नहीं बल्कि प्रदेश में हड़कंप मचाकर रखा है.

