सुशासन तिहार: पहले दिन ही नदारद रही अधिकारी को नोटिस, समय सीमा में जवाब नहीं देने पर होगी कार्रवाई
बिलासपुर – आज से सुशासन तिहार का आगाज हो चुका है। इस अवसर पर जिले में चल रहे कार्यक्रम के दौरान, महिला एवं बाल विकास विभाग की एक अधिकारी को ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर कारण नोटिस जारी किया गया है। बिलासपुर के कलेक्टर अवनीश शरण ने सकरी परियोजना की बाल विकास परियोजना अधिकारी (CDPO) अनुराधा आर्य को कारण बताओ नोटिस दिया है।
सीडीपीओ अनुराधा आर्य को तखतपुर विकासखंड के काठाकोनी पेण्डारी क्लस्टर में प्रभारी अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया था। हालांकि, निरीक्षण के दौरान वे सोमवार सुबह 10 बजे अपने ड्यूटी स्थल पर अनुपस्थित पाई गईं। कलेक्टर ने इसे शासन के महत्वपूर्ण कार्यक्रम के प्रति लापरवाही और स्वेच्छाचारिता के रूप में देखा है और इस पर सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया है।
जारी किए गए नोटिस में बताया गया है कि सरकारी कर्तव्यों के प्रति लापरवाही, मनमानी और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 का सीधा उल्लंघन है। कलेक्टर ने अनुराधा आर्य को निर्देश दिया है कि वे सामने आकर अपना जवाब पेश करें। इसके साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि अगर निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलता है, तो एकतरफा कार्रवाई की जाएगी।

