पड़ोसी की कार में बंद मिली मासूम की लाश, ग्रामीणों ने संदेही का घर फूंका
दुर्ग – जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में एक 6 साल की बच्ची की लाश पड़ोसी युवक की कार में मिली। बच्ची के शरीर पर चोट के निशान थे और परिजनों ने बलात्कार के बाद हत्या का आरोप लगाया है। इस घटना से लोग आक्रोशित हो गए और भीड़ ने आरोपी के घर व कार में तोड़फोड़ कर आग लगा दी।
जानकारी के अनुसार बच्ची रविवार सुबह मंदिर में कन्या भोज के लिए गई थी, लेकिन घर नहीं लौटी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन दिनभर तलाशी के बावजूद बच्ची का पता नहीं चला। शाम को आरोपी युवक की कार में बच्ची की लाश मिली। कार लॉक थी, जिसे आरोपी ने ही खोला। शव की हालत देखकर परिजनों ने यौन हिंसा और हत्या का आरोप लगाया।
बच्ची की लाश पड़ोसी की कार की डिक्की में मिलने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश पनप गया। बच्ची की लाश मिलने की खबर से लोग आक्रोशित हो गए। भीड़ ने आरोपी की कार तोड़ दी और उसके घर में आग लगा दी। घर के बाहर खड़ी बाइक पूरी जल गई, परिवार वाले सुरक्षित भाग निकले। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी को हिरासत में लिया है।
परिवार ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि बच्ची रामनवी पर सुबह खुशी-खुशी कन्या भोज खाने गई थी। दादी ने कहा कि बच्ची के शरीर पर ज़ोरदार चोट के निशान थे, चमड़ी उधड़ी हुई थी। मोहन नगर टीआई शिव कुमार चंद्रा ने बताया कि जांच चल रही है। मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट तथ्य सामने आएंगे।

