छूट गई महिलाओं के लिए फिर खुलेगा महतारी वंदन योजना का पोर्टल, जल्द शुरू होगी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया
रायपुर – छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही महतारी वंदन योजना में उन महिलाओं के लिए एक और मौका दिया जा रहा है, जो पहली बार आवेदन नहीं कर पाई थीं। महिला एवं बाल विकास विभाग जल्द ही योजना के लिए नए पंजीयन की प्रक्रिया शुरू करेगा, जिससे हजारों महिलाएं लाभान्वित हो सकेंगी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, महिला एवं बाल विकास विभाग ने नए आवेदन स्वीकार करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। संभावना जताई जा रही है कि अप्रैल 2024 में योजना के लिए पोर्टल खोला जाएगा, जहां नए लाभार्थी आवेदन कर सकेंगे।
अब तक इस योजना के तहत प्रदेश की 60 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो चुकी हैं और उन्हें 13 किश्तों में कुल 13,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। इस योजना के अंतर्गत महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे बैंक खाते में दी जाती है।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सरकार महिलाओं के हितों के लिए प्रतिबद्ध है और इस योजना का लाभ उन महिलाओं तक भी पहुंचाया जाएगा, जो पहले आवेदन नहीं कर पाईं थीं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि अब महिलाओं को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और जल्द ही नया पंजीकरण शुरू होगा।

