बलौदाबाजार अब “गुरु घासीदास धाम” कहलाएगा,राष्ट्रीय तीर्थस्थल की मिलेगी पहचान
रायपुर – छत्तीसगढ़ सरकार ने बलौदाबाजार जिले का नाम बदलने का ऐतिहासिक फैसला लिया है। अब यह जिला संत शिरोमणि गुरु घासीदास बाबा जी के नाम पर “गुरु घासीदास धाम” कहलाएगा।
राज्य सरकार ने इस जिले को राष्ट्रीय तीर्थस्थल घोषित करने की योजना भी बनाई है। इसके लिए प्रशासनिक प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

गुरु घासीदास बाबा छत्तीसगढ़ के महान संतों में से एक हैं। उन्होंने समाज में समानता, सत्य और भाईचारे का संदेश दिया। यह निर्णय उनके योगदान और आदर्शों को मान्यता देने के लिए लिया गया है।
सरकार का मानना है कि इस फैसले से जिले के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व में वृद्धि होगी। गुरु घासीदास बाबा की शिक्षाओं को विश्वभर में प्रचारित करने का यह एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
इस निर्णय से श्रद्धालु और पर्यटक इस क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर और धार्मिक महत्व को और अधिक जान सकेंगे। यह कदम छत्तीसगढ़ के धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को और मजबूती प्रदान करेगा।
अपर कलेक्टर को आदेश दिया गया है कि वे इस फैसले पर अधिकारियों से राय लें और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करें।

