भूपेश बघेल, देवेंद्र यादव,OSD के घर सीबीआई की रेड, IPS पर भी दबिश, रायपुर-भिलाई में बड़ी कार्रवाई
रायपुर – CBI ने आज सुबह छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर पर छापा मारा। ये कार्रवाई रायपुर और भिलाई के तीन अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ की गई। CBI की टीमें अचानक पहुंची और घरों में मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही हैं। MLA देवेंद्र यादव बघेल के OSD मनीष बंछोर और आईपीएस अधिकारी आरिफ शेख,अभिषेक पल्लव,आनंद छबड़ा,प्रशांत अग्रवाल और ASP संजय ध्रुव,ASP अभिषेक माहेश्वरी पूर्व IAS अनिल टुटेजा के घर पर भी छापेमारी हुई। माना जा रहा है कि यह छापेमारी महादेव बैटिंग ऐप मामले में हुई है। कुछ दिनों पहले ED ने भी बघेल के घर पर छापा मारा था। यह छापा कथित शराब घोटाले के मामले में मारा गया था।
जानकारी के अनुसार, CBI की चार टीमें आज सुबह रायपुर से निकली थीं। एक टीम रायपुर में पाटन विधायक भूपेश बघेल के घर पहुंची। बाकी तीन टीमें भिलाई गईं। भिलाई में पदुम नगर, सेक्टर 5 और सेक्टर 9 में दो अन्य जगहों पर भी छापे मारे गए। अधिकारियों ने घरों में पहुंचते ही सभी सदस्यों को अंदर ही रोक दिया और जांच शुरू कर दी।
CBI की ये कार्रवाई क्यों हो रही है, ये अभी तक साफ नहीं है। लेकिन, इतना जरूर है कि CBI की टीमें पूरी तैयारी के साथ आई थीं। उन्होंने आते ही घरों को घेर लिया और किसी को भी अंदर-बाहर जाने नहीं दिया। घरों में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है।
छापेमारी की जानकारी देते हुए बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, ‘अब CBI आई है। आगामी 8 और 9 अप्रैल को अहमदाबाद (गुजरात) में होने वाली AICC की बैठक के लिए गठित ‘ड्राफ्टिंग कमेटी’ की मीटिंग के लिए आज पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का दिल्ली जाने का कार्यक्रम है। उससे पूर्व ही CBI रायपुर और भिलाई निवास पहुंच चुकी है।’

