माओवादियों ने फिर सुरक्षा बलों को बनाया निशाना,STF के वाहन को निशाना बनाकर IED ब्लास्ट किया
छत्तीसगढ़ – नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में माओवादियों ने एक बार फिर सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की कोशिश की। यह घटना मद्देड़ थाना क्षेत्र के गोरला नाला के पास हुई, जहां एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) की टीम नक्सल विरोधी अभियान से लौट रही थी।
नक्सलियों ने एसटीएफ के वाहन को निशाना बनाकर आईईडी ब्लास्ट किया। धमाका मुख्य मार्ग पर उस वक्त हुआ जब वाहन वहां से गुजर रहा था। विस्फोट इतना तेज था कि वाहन को झटके लगे और दो जवानों को शॉक वेव्स (विस्फोट की लहर) से मामूली चोटें आईं।
घायल जवानों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मद्देड़ में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें जिला अस्पताल, बीजापुर भेजा गया। डॉक्टरों ने बताया कि दोनों जवान खतरे से बाहर हैं और उनकी हालत सामान्य है।
इस हमले के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी की और तलाशी अभियान शुरू किया। सुरक्षा बलों ने बताया कि नक्सली क्षेत्र में विस्फोटक उपकरण लगाने के लिए सक्रिय थे। लेकिन उनकी यह साजिश नाकाम रही।
बीजापुर जिला नक्सल गतिविधियों का केंद्र रहा है। इससे पहले भी नक्सली सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए आईईडी ब्लास्ट जैसी साजिश रचते रहे हैं।
स्पेशल टास्क फोर्स की सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया के कारण बड़ा नुकसान टल गया। जवानों ने अदम्य साहस दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।

