रायपुर, बिलासपुर संभाग 40 डिग्री के करीब पहुंचा पारा,दो डिग्री तक और बढ़ेगा दिन और रात का तापमान,सरगुजा संभाग में दो दिन बाद गिरेगा रात का पारा
रायपुर – छत्तीसगढ़ में इस साल गर्मी का असर मार्च महीने से ही दिखने लगा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 13 जिलों में हीट वेव (लू) का अलर्ट जारी किया। इसी बीच, राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री की मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है।
रायपुर में अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री रहा, जो औसत से 4 डिग्री ज्यादा है। होली के दिन भी रायपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
बिलासपुर में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो औसत से 1.5 डिग्री ज्यादा है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में दिन का तापमान 38.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 6.8 डिग्री अधिक था।
सरगुजा संभाग के जिलों में भी दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहा। अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो औसत से 4.6 डिग्री ज्यादा था। हालांकि, रात का तापमान 15.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम था।

