कैबिनेट की बैठक: साय की अध्यक्षता में 2 मार्च को होगी मीटिंग, अहम फैसलों पर लग सकती है मुहर
रायपुर – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 2 मार्च (रविवार) को कैबिनेट की बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक दोपहर 3 बजे से नया रायपुर स्थित महानदी मंत्रालय भवन में होगी। इस बैठक में विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर निर्णय लिए जाने की संभावना है।
गौरतलब है कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र जारी है और 3 मार्च को साय सरकार का बजट प्रस्तुत किया जाएगा। बजट पेश होने से ठीक एक दिन पहले यह कैबिनेट बैठक बुलाई गई है, जिसमें कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं।
साय सरकार का मुख्य बजट वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए एक लाख 60 हजार करोड़ रुपए से अधिक का होने की संभावना है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी 3 मार्च को बजट पेश करेंगे, जिसमें कई नई योजनाओं और घोषणाओं को शामिल किया जाएगा।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा था कि प्रदेश का मुख्य बजट हर वर्ग के लिए लाभदायक होगा। सरकार राज्य के आर्थिक विकास की गति को तेज करने पर कार्य कर रही है। साथ ही, शासन में सुधार (रीफॉर्म) और सुशासन (गुड गवर्नेंस) पर विशेष फोकस रहेगा।

