चुनाव ड्यूटी में शराबखोरी, 3 निर्वाचन कर्मी तत्काल प्रभाव से निलंबित
रायपुर – चुनाव ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में पाए गए तीन शासकीय कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबित कर्मचारियों में व्याख्याता एल. बी. परमानंद रघुवंशी, सहायक ग्रेड-3 प्रीतम साहू और सहायक प्राध्यापक अनुप टोप्पो शामिल हैं।
ये तीनों कर्मचारी निर्वाचन संबंधी महत्वपूर्ण कार्यों में लापरवाही बरतते पाए गए। इसके साथ ही, चुनाव ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में रहने के कारण उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। इन सभी पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है।
चुनाव ड्यूटी एक गंभीर और जिम्मेदारीपूर्ण कार्य होता है, जिसमें अनुशासन और ईमानदारी की सख्त आवश्यकता होती है। लेकिन इन कर्मचारियों द्वारा ड्यूटी के दौरान शराब का सेवन करना और लापरवाही बरतना एक गंभीर अनुशासनहीनता मानी गई है। इसी वजह से प्रशासन ने उनके खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई की है।

