रुझानों में किसको मिल रही कहां से बहुमत..माना नगर पंचायत में किसके सर पर सजेगा ताज..पढ़े विशेष खबर..
रायपुर / माना – छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में संपन्न हुए निकाय चुनाव को लेकर प्रत्याशियों और समर्थकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। चुनाव खत्म होने के बावजूद सट्टा बाजार में हलचल तेज हो गई है। जिले के नगर पंचायत माना कैम्प की बात करें तो यहां भाजपा प्रत्याशी संजय यादव के पक्ष में अधिक दांव लगाए जा रहे हैं। हालांकि, कांग्रेस प्रत्याशी मनीष मानिक और उनके समर्थक भी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।
चुनावी माहौल के चलते आज शुक्रवार सुबह से लेकर रात तक चर्चा का विषय सिर्फ चुनाव ही रहा। प्रत्याशी लगातार मीडिया कर्मियों से संपर्क कर अपनी स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। चुनाव परिणाम आने में अभी एक दिन शेष है, जिससे भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के प्रत्याशियों की धड़कनें तेज हो गई हैं। पूरे जिले की नजरें खासतौर पर माना कैम्प नगर पंचायत पर टिकी हैं, क्योंकि यहां भाजपा – कांग्रेस और निर्दलीय के बीच सीधा और कांटे का मुकाबला देखने को मिल रहा है।
माना कैम्प में त्रिकोणीय मुकाबला
माना नगर पंचायत भी चुनावी चर्चा का केंद्र बना हुआ है। यहां भाजपा और कांग्रेस के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी गिरजा शंकर श्रीवास ने मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। इन प्रत्याशी के कारण भाजपा और कांग्रेस की रणनीति प्रभावित हो रही है, जिससे दोनों ही प्रमुख दलों को अपनी गणित दोबारा सुलझानी पड़ रही है।
एग्जिट पोल में कर रहे जीत के दावे
सोशल मीडिया पर अफवाहों और फर्जी एग्जिट पोल का दौर भी जारी है। कोई भाजपा को बहुमत के करीब दिखा रहा है तो कोई कांग्रेस की बढ़त बता रहा है। इन अफवाहों से प्रत्याशियों की बेचैनी बढ़ गई है। अब सभी की नजरें शनिवार को आने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी हैं, जो कल 9 बजे मतगणना के बाद पता चलेगा,,साथ ही इस सियासी रोमांच को खत्म करेगा।

