धमतरी में वोट डालने पहुंचे बुजुर्ग की मौत, राजनांदगांव में दो घंटे से EVM बंद मतदाता कतार में खड़े
रायपुर – छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए आज 11 फरवरी 2025 को वोटिंग है। इसके लिए रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, जगदलपुर, अंबिकापुर समेत अन्य निकायों में मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। इस बार कुल 44,74,269 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस चुनाव में 10 नगर निगम और 49 नगरपालिका परिषद के लिए मतदान होगा। एक साथ महापौर, अध्यक्ष और पार्षद पद के लिए मतदान किया जाएगा।
इसको लेकर मतदान केंद्रों पर पूरी तैयारियां हो गई है। मतदान केंद्रों पर प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। प्रदेश के निकायों में संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ लगना शुरू हो गई है।
धमतरी में अपना मतदाधिकार का प्रयोग करने वाले बुजुर्ग की मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि बुजुर्ग को अटैक आया था। नगर पंचायत के बूथ क्रमांक 14 का मामला बताया जा रहा है। जहां कुंज बिहारी देव के रूप में बुजुर्ग की शिनाख्त हुई है।
राजनांदगांव के वार्ड नंबर 25 मतदान केंद्र 76 में गड़बड़ी सामने आई है। जहां रूम नंबर 5 की EVM पिछले 2 घंटे से बंद पड़ी है। वार्ड के मुनिसिपल स्कूल मतदान केंद्र में वोटिंग नहीं हो पा रही है। मतदान के लिए मतदाता लंबी कतार में लगे हुए हैं।

