सरपंच प्रत्याशी की हत्या: नक्सलियों ने अरनपुर के जोगा बारसा को उतारा मौत के घाट, इलाके में दहशत
दंतेवाड़ा – जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पहले नक्सलियों ने एक सरपंच प्रत्याशी की हत्या कर दी है। यह घटना जिले के अरनपुर गांव की है। आधी रात को नक्सलियों ने प्रत्याशी के घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर उसे बेरहमी से मार डाला। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
अरनपुर गांव के सरपंच पद के प्रत्याशी जोगा बारसा के घर में बीती रात करीब 12 बजे नक्सलियों ने धावा बोला। नक्सलियों ने कुल्हाड़ी से दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और धारदार हथियार से जोगा पर हमला कर उनकी हत्या कर दी। परिजनों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन नक्सलियों ने किसी की एक नहीं सुनी। बताया जा रहा है कि 5-6 नक्सली इस हमले में शामिल थे और उन्होंने अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था
आपको बता दे जोगा बारसा की पत्नी पहले अरनपुर गांव की सरपंच रह चुकी हैं। इस बार पुरुष सीट होने के कारण जोगा खुद सरपंच पद के लिए चुनाव लड़ रहे थे। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने पहले भी जोगा को धमकी दी थी, लेकिन इस बार उन्होंने उनकी हत्या कर दी। इस घटना के बाद क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण हो गया है।

