CGMSC घोटाला- ACB-EOW ने इन तीन IAS अफसरों को भेजा समन, जानें पूरा मामला
रायपुर – छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन में हुए करोड़ों रुपये के घोटाले में अब तीन आईएएस अधिकारियों का नाम भी सामने आया है।
एसीबी-ईओडब्ल्यू ने इन अधिकारियों को समन भेजकर उनसे पूछताछ करने के लिए तलब किया है। इसके अलावा, मामले में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की संलिप्तता के भी साक्ष्य मिले हैं।
जानकारी के अनुसार, एसीबी-ईओडब्ल्यू ने आईएएस अधिकारी भीम सिंह, चंद्रकांत वर्मा और सीजीएमएससी की एमडी पद्मिनी भोई को पूछताछ के लिए बुलाया है। साथ ही, एसीबी-ईओडब्ल्यू ने एक सप्ताह पहले इस घोटाले में मोक्षित कॉर्पोरेशन के डायरेक्टर शशांक चोपड़ा को गिरफ्तार कर रिमांड में लिया था।
आज उसकी पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद उसे ईओडब्ल्यू की विशेष कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसे छह दिन की और पुलिस रिमांड पर ईओडब्ल्यू को सौंप दिया। शशांक चोपड़ा को 10 फरवरी को फिर से कोर्ट में पेश किया जाएगा।
जांच एजेंसी ने दवा खरीद घोटाले में प्रदेश के एक बड़े सप्लायर शशांक चोपड़ा को गिरफ्तार किया है, और उससे पूछताछ के बाद कई नए तथ्य सामने आए हैं। यह घोटाला अब तक का सबसे बड़ा दवा खरीद घोटाला माना जा रहा है, जिसकी राशि 400 करोड़ रुपये से भी अधिक है।
बता दें कि सीजीएमएससी के अन्य अधिकारियों के खिलाफ भी जांच की जा सकती है। ईओडब्ल्यू-एसीबी की एफआईआर में यह भी बताया गया है कि सीजीएमएससी ने शासन की अनुमति के बिना लगभग 411 करोड़ रुपये की खरीदी की। इसमें से रीएजेंट्स को बिना वास्तविक आवश्यकता के और बिना प्रशासनिक अनुमोदन के खरीदा गया।

