पुलिसकर्मियों ने कार रोकी तो एसीबी अधिकारी ने धमकाया, आईडी कार्ड जांच में निकला फर्जी
दुर्ग – छत्तीसगढ़ में एंटी करप्शन ब्यूरो के नाम से लोगों को बेवकूफ बना रहा एक आरोपी ट्रैफिक पुलिस के हत्थे चढ़ गया। यह आरोपी एसीबी की फर्जी आईडी लेकर घूम रहा था। तभी पुलिस ने उसकी कार को रोका तो उसने एसीबी अधिकारी होने का कहकर पुलिसकर्मियों को धमकाया।
इसके बाद पुलिस ने उसके आईडीकार्ड की जांच की। जांच में उसका आईडी कार्ड फर्जी निकला। पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। आरोपी से पूछताछ होगी कि उक्त फर्जी कार्ड का उसने कहां-कहां इस्तेमाल किया है।
एएसपी ट्रैफिक ने जानकारी दी कि यातायात पुलिस ने नेहरू नगर में चेकिंग प्वाइंट लगाया था। यहां ट्रैफिक पुलिस के द्वारा चेकिंग की जा रही थी। तभी फिगो कार को रोकने का प्रयास किया। कार चालक ने कार नहीं रोकते हुए आगे बढ़ने लगा। तभी पुलिसकर्मियों ने घेरकर उसकी कार को रोक लिया। इस पर उसने पुलिसकर्मियों को धमकी दी और खुद को एसीबी का अधिकारी बताया। उसने अपना आईडी कार्ड भी पुलिस कर्मियों को भी दिखाया। पुलिस कर्मियों ने उस कार्ड की फोटो एएसपी ट्रैफिक ऋचा मिश्रा को भेजी। जांच में आईडी कार्ड फर्जी निकला।

