बड़ी खबर: छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा के लिए संकट,माना कैम्प वार्ड में दो नेता आमने-सामने
रायपुर/ माना –: छत्तीसगढ़ के नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा के लिए एक रोचक स्थिति उत्पन्न हो गई है। रायपुर जिले के माना कैम्प नगर पंचायत वार्ड क्रमांक 8 (स्वामी विवेकानंद वार्ड) के चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी को लेकर उहापोह की स्थिति बन गई है। दरअसल, भाजपा ने जिस नेता को अपना प्रत्याशी बनाया था, उसने टिकट लेने से इंकार कर दिया है और अब वह निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने का फैसला कर चुका है। इस प्रकार अब भाजपा के दो नेता एक-दूसरे के खिलाफ चुनावी मैदान में होंगे।
भा.ज.पा. से सुशील हालदार को उम्मीदवार के रूप में नामित किया गया था, लेकिन उन्होंने टिकट वापस कर दिया और अब निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की है। उनका आरोप है कि पार्टी ने सही तरीके से टिकट वितरण नहीं किया और वह इस निर्णय से खुश नहीं हैं।
इस बीच, प्रदीप विश्वास ने भाजपा प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया है। हालांकि, उनका कहना है कि उन्हें हाईकमान द्वारा नामांकन दाखिल करने का आदेश मिला था, लेकिन अभी तक टिकट मिलने का कोई आधिकारिक प्रमाण नहीं मिला है। प्रदीप विश्वास भाजपा से टिकट के प्रमुख दावेदार माने जा रहे थे।
कांग्रेस पार्टी इस स्थिति से खुश नजर आ रही है। उनका मानना है कि भाजपा में उत्पन्न इस संकट का फायदा उन्हें चुनाव में मिल सकता है।
रिटर्निंग ऑफिसर पवन कोसमा ने स्पष्ट किया है कि अगर प्रदीप विश्वास भाजपा के अधिकृत उम्मीदवार के तौर पर आदेश की प्रति 31 तारीख के 3 बजे तक जमा नहीं करते, तो वह निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में उतरेंगे।
यह मामला अब रायपुर जिले के माना कैम्प नगर पंचायत वार्ड क्रमांक 8 के चुनाव में एक दिलचस्प मोड़ लेकर आया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आगे इस मामले में क्या घटनाक्रम होता है।

