टीम इंडिया के चीफ सिलेक्टर बने चेतन शर्मा कहा- ‘बड़बोला नहीं हूं… पर काम जरूर बोलेगा’
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेटरों का भविष्य अब पूर्व तेज गेंदबाज चेतन शर्मा के हाथों में है। उन्हें बीसीसीआई ने टीम चयन के लिए चीफ सिलेक्टर के पद से नवाजा है। अपनी गेंदों की तेजी से सबको हैरान करने वाले चेतन शर्मा ने नयी जिम्मेदारी देने पर शुक्रिया अदा करते हुए कहा है कि मैं ज्यादा तो नहीं बोलता लेकिन मेरा काम जरूर बोलेगा।
बीसीसीआई की क्रिकेट सलाहकार समिति ने गुरुवार को पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज चेतन शर्मा को सीनियर राष्ट्रीय चयन पैनल का अध्यक्ष नियुक्त किया. सीएसी ने 5 सदस्यीय टीम में मुंबई के अबे कुरुविला और ओडिशा के देबाशीष मोहंती का भी चयन किया. बीसीसीआई की अहमदाबाद में 89वीं सालाना आम बैठक के मौके पर ही नए पैनल का गठन किया गया, जिसमें शर्मा ने उत्तरी क्षेत्र से मनिंदर सिंह और विजय दहिया को पछाड़ दिया। चेतन शर्मा नेे कहा, ‘भारतीय क्रिकेट की एक बार फिर से सेवा करने का मौका मिलना निश्चित रूप से मेरे लिए सम्मान की बात है. मैं ज्यादा नहीं बोलता क्योंकि मेरा काम ही बोलेगा।
उन्होंने कहा, ‘मैं इस मौके के लिए केवल बीसीसीआई का शुक्रिया करता हूं.’ पूर्व भारतीय खिलाड़ी शर्मा 11 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में 23 टेस्ट और 65 वनडे में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, जिसमें 1987 विश्व कप में हैट्रिक लेना चर्चित उपलब्धि है।
शर्मा ने 16 साल की उम्र में हरियाणा के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेलना शुरू किया. उन्होंने 18 वर्ष की उम्र में टेस्ट पदार्पण किया, जिससे एक साल पहले उन्होंने दिसंबर 1983 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना वनडे आगाज किया था। नई चयन समिति की पहली बैठक इंग्लैंड के खिलाफ पूर्ण घरेलू सीरीज के लिए टीम का चयन करने के लिए होगी. मदन लाल की अगुआई वाली सीएसी में आरपी सिंह और सुलक्षणा नाईक हैं।

