मीडिया सिटी में बड़ा उलटफेर: प्रेम पाठक अध्यक्ष पद से हटाए गए, सुनील नामदेव बने अध्यक्ष
रायपुर – छत्तीसगढ़ की पत्रकारों की आवासीय संस्था छत्तीसगढ़ पत्रकार गृह निर्माण सहकारी समिति मर्यादित (मीडिया सिटी) में लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच शनिवार को बड़ा प्रशासनिक और राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया। समिति के सदस्यों की विशेष बैठक में पारित संकल्प प्रस्ताव के तहत अध्यक्ष प्रेम पाठक को पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह वरिष्ठ पत्रकार सुनील नामदेव को समिति का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार विशेष बैठक में बड़ी संख्या में उपस्थित सदस्यों ने समिति के वर्तमान संचालन पर गंभीर सवाल उठाए। सदस्यों का आरोप है कि पिछले कई वर्षों से समिति की वार्षिक आमसभा (AGM) आयोजित नहीं की गई, जबकि वित्तीय और प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी भी सदस्यों से साझा नहीं की गई। बैठक में पारदर्शिता की कमी और सदस्यों के हितों की अनदेखी को प्रमुख मुद्दा बताते हुए नेतृत्व परिवर्तन का प्रस्ताव लाया गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।

बैठक में सुनीता सिंह को कार्यकारी उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। साथ ही प्रेम पाठक के कार्यकाल के दौरान लिए गए वित्तीय, प्रशासनिक और अन्य महत्वपूर्ण निर्णयों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। सदस्यों का कहना है कि समिति से जुड़े सभी फैसलों और वित्तीय लेन-देन की गहन समीक्षा की जानी चाहिए ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
बैठक में पूर्व उपाध्यक्ष सुनीता तिवारी द्वारा पूर्व में लगाए गए आरोपों को भी गंभीरता से उठाया गया। सदस्यों ने मांग की कि उन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि किसी प्रकार की वित्तीय या प्रशासनिक अनियमितता सामने आती है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाए।
इस घटनाक्रम के बाद मीडिया सिटी की आंतरिक राजनीति में नया मोड़ आ गया है। पत्रकारों की इस महत्वपूर्ण आवासीय संस्था में हुए नेतृत्व परिवर्तन को लेकर प्रदेश भर के पत्रकारों और समिति सदस्यों की निगाहें अब प्रस्तावित जांच और उसके निष्कर्षों पर टिकी हुई हैं। आने वाले दिनों में जांच की दिशा और समिति द्वारा लिए जाने वाले प्रशासनिक फैसले मीडिया सिटी की भविष्य की तस्वीर तय करेंगे।
फिलहाल, प्रेम पाठक की विदाई और सुनील नामदेव की ताजपोशी ने मीडिया सिटी के भीतर चल रहे लंबे विवाद को एक नए दौर में पहुंचा दिया है।

