June 18, 2026

माना कैंप में पीएम स्वनिधि योजना का बड़ा लाभ, लोक कल्याण मेले में 41 हितग्राहियों ने किया आवेदन, पात्र व्यवसायियों को मिले ऋण स्वीकृति प्रमाण-पत्र

0
IMG-20260618-WA0013

रायपुर/ माना कैम्प – प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में नगर पंचायत माना कैंप ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए गुरुवार को लोक कल्याण मेले का सफल आयोजन किया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडर, फुटपाथ व्यवसायी, ठेला संचालक और गुमटी व्यवसायी शामिल हुए तथा योजना के तहत मिलने वाले ऋण और अन्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

लोक कल्याण मेले में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को प्रथम चरण में 15 हजार रुपये, द्वितीय चरण में 25 हजार रुपये तथा तृतीय चरण में 50 हजार रुपये तक के ऋण की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों के ऋण आवेदन स्वीकार कर त्वरित स्वीकृति की प्रक्रिया भी शुरू की गई।

मेले में पहले चरण के ऋण के लिए 41 हितग्राहियों ने आवेदन प्रस्तुत किए, जिससे योजना के प्रति लोगों का बढ़ता विश्वास और उत्साह साफ दिखाई दिया। ऋण वितरण की प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि भी मौके पर उपस्थित रहे। बैंक अधिकारियों ने आवेदनों का परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों के प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया।

कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत माना कैंप के अध्यक्ष संजय यादव, उपाध्यक्ष के. एबू, पार्षद अमित घोष, गोपाल पाल, काजल मंडल तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ बाजपेयी ने हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति प्रमाण-पत्र और 15 हजार रुपये के चेक वितरित किए। ऋण स्वीकृति मिलने पर हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने शासन की इस योजना को स्वरोजगार के लिए बेहद उपयोगी बताया।

इस अवसर पर अध्यक्ष संजय यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों के लिए आर्थिक मजबूती का महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभरी है। उन्होंने उपस्थित लोगों को योजना के विभिन्न लाभों की जानकारी देते हुए पात्र व्यक्तियों से अधिक से अधिक संख्या में योजना का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारियों को बिना किसी परेशानी के ऋण उपलब्ध कराकर उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।

कार्यक्रम में बैंक प्रतिनिधियों की भूमिका भी सराहनीय रही। हितग्राहियों के ऋण प्रकरणों का त्वरित परीक्षण और मार्गदर्शन करने वाले बैंक अधिकारियों को सम्मानित करते हुए प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। जनहित में किए गए उनके सहयोग की सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने प्रशंसा की।

नगर पंचायत माना कैंप के अधिकारी सौरभ बाजपेयी ने बताया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे लोक कल्याण मेलों का आयोजन आगे भी लगातार किया जाएगा। इससे जरूरतमंद और पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सकेगा तथा स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत आयोजित यह लोक कल्याण मेला न केवल छोटे व्यवसायियों के लिए आर्थिक सहायता का माध्यम बना, बल्कि आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार की दिशा में एक मजबूत कदम भी साबित हुआ। स्थानीय नागरिकों और हितग्राहियों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की अपेक्षा जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed