नगरीय प्रशासन विभाग में बड़ा फेरबदल: 15 CMO के तबादले, निलंबित अधिकारी बहाल
रायपुर– छत्तीसगढ़ सरकार के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रदेश के नगरीय निकायों में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 15 नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (CMO) का तबादला कर दिया है। विभाग द्वारा जारी आदेश में कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वहीं एक निलंबित CMO और एक सहायक राजस्व अधिकारी को बहाल कर नई पदस्थापना भी दी गई है।
जारी आदेश के अनुसार विभागीय जांच का सामना कर रहे किरण पटेल को निलंबन से बहाल करते हुए पुनः मुख्य नगर पालिका अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें प्रशासनिक आधार पर नगर पंचायत बम्हनीडीह, जिला जांजगीर-चांपा में अस्थायी रूप से CMO पद पर पदस्थ किया गया है।
हालांकि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किरण पटेल के खिलाफ चल रही विभागीय जांच यथावत जारी रहेगी। जांच रिपोर्ट एवं उसके निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही निलंबन अवधि के संबंध में अंतिम निर्णय भी विभागीय जांच के गुण-दोष के आधार पर अलग से लिया जाएगा।

विभागीय आदेश में एक सहायक राजस्व अधिकारी को भी निलंबन से बहाल कर नई जिम्मेदारी दी गई है। नगरीय प्रशासन विभाग के इस निर्णय को स्थानीय निकायों में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

तबादला आदेश जारी होने के बाद संबंधित नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में नई पदस्थापना की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि सरकार आने वाले दिनों में नगरीय निकायों में और भी बड़े बदलाव कर सकती है। प्रदेश के नगरीय प्रशासन में हुए इस बड़े फेरबदल को शासन की कार्यप्रणाली में सुधार और प्रशासनिक कसावट लाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।

