राजधानी में 10 लाख की लूट, गैस एजेंसी के मैनेजर पर हमला कर नकदी से भरा बैग लेकर फरार हुए बदमाश
छत्तीसगढ़ – राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। डंगनिया बाजार इलाके में गैस एजेंसी के मैनेजर से दिनदहाड़े करीब 10 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने मैनेजर की कार रुकवाकर उनके साथ मारपीट की और नोटों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
10 लाख रुपये लेकर लौट रहे थे मैनेजर
जानकारी के मुताबिक, महोबा बाजार निवासी श्रवण साहू एक गैस एजेंसी में मैनेजर हैं। शनिवार 6 जून को वे एजेंसी के भुगतान की राशि लेने अग्रसेन चौक स्थित कार्यालय पहुंचे थे। वहां से करीब 10 लाख रुपये नकद लेकर वे कार से टाटीबंध स्थित मुख्य कार्यालय लौट रहे थे।
डंगनिया बाजार में वारदात
इसी दौरान डंगनिया बाजार के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी कार को रोक लिया। बदमाशों ने श्रवण साहू के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की तथा नकदी से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए।
रेकी की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस का मानना है कि आरोपियों को कैश ले जाने की पहले से जानकारी थी। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने पहले से रेकी की थी, तभी वे सीधे मैनेजर तक पहुंच सके। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं किसी परिचित व्यक्ति ने नकदी ले जाने की सूचना तो नहीं दी थी।
चेहरा ढंककर आए थे बदमाश
वारदात को अंजाम देने वाले तीनों बदमाशों ने अपना चेहरा स्कार्फ से ढंक रखा था, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
शहरभर में नाकेबंदी
घटना की सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना प्रभारी गौतम गावड़े पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी कर संदिग्ध आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

