May 28, 2026

छत्तीसगढ़ पर्यटन को नई रफ्तार देने की तैयारी, नवनियुक्त सचिव एस. भारतीदासन ने की बड़ी समीक्षा बैठक

0
FB_IMG_1779823494787_copy_981x545

रायपुर – छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन विभाग के नवनियुक्त सचिव एस. भारतीदासन ने बुधवार को छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक लेकर प्रदेश में पर्यटन विकास की दिशा में बड़े संकेत दिए। इस बैठक में राज्य की पर्यटन परियोजनाओं, नई संभावनाओं, अधोसंरचना विकास, डिजिटल प्रचार-प्रसार और पर्यटक सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य सहित विभागीय अधिकारी और सभी शाखा प्रमुख मौजूद रहे।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने राज्य में संचालित पर्यटन परियोजनाओं का प्रस्तुतिकरण देते हुए पर्यटन स्थलों पर चल रहे विकास कार्यों, नई योजनाओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों की जानकारी दी। सचिव एस. भारतीदासन ने समीक्षा के दौरान स्पष्ट कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सौंदर्य, आदिवासी संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहरों और पुरातात्विक महत्व के कारण देश के प्रमुख पर्यटन राज्यों में शामिल होने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि अब जरूरत इन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी पहचान दिलाने की है।
सचिव ने पर्यटन स्थलों के समग्र विकास पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्यटकों को बेहतर अनुभव देने के लिए मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि पर्यटन केवल राजस्व का माध्यम नहीं, बल्कि स्थानीय रोजगार और क्षेत्रीय विकास का भी बड़ा जरिया है। इसलिए स्थानीय समुदायों की भागीदारी बढ़ाकर पर्यटन गतिविधियों को और मजबूत किया जाना चाहिए।

बैठक में हैरिटेज टूरिज्म को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। सचिव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विभिन्न गढ़ों और राजमहलों का गौरवशाली इतिहास रहा है, जिसे देश-दुनिया के पर्यटकों तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे ऐतिहासिक स्थलों को विकसित कर पर्यटकों को “रॉयल एक्सपीरियंस” उपलब्ध कराने की दिशा में योजनाएं तैयार की जाएं। इसके साथ ही राज्य की सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक पर्यटन मॉडल से जोड़ने पर भी बल दिया गया।

समीक्षा बैठक में पर्यटन स्थलों की ब्रांडिंग, डिजिटल प्रमोशन, सोशल मीडिया कैंपेन और आधुनिक प्रचार-प्रसार रणनीतियों को मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई। सचिव ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर्यटन बढ़ाने का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुके हैं, इसलिए छत्तीसगढ़ की खूबसूरती और विशेषताओं को व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जाना चाहिए।

इसके अलावा उन्होंने राज्य में सशक्त परिवहन व्यवस्था विकसित करने, इको-टूरिज्म गतिविधियों का विस्तार करने और पर्यटक अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी पर्यटन विकास कार्यों में तेजी लाई जाए और समयबद्ध तरीके से योजनाओं को पूरा किया जाए ताकि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बना सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *