कोंडागांव-नारायणपुर मुख्य मार्ग की गुणवत्ता पर मंत्री केदार कश्यप सख्त, NH अधिकारियों को लगाई फटकार,कहा – “गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं, समय सीमा से पहले पूरा करें कार्य”
छत्तीसगढ़ – प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी सड़क परियोजनाओं में शामिल राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 130-डी के निर्माण कार्य को लेकर आज प्रदेश के मंत्री केदार कश्यप ने सख्त रुख अपनाया। मंत्री ने गढ़बेंगाल चौक से कोंडागांव तक निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थल निरीक्षण किया और कार्य की गुणवत्ता पर नाराजगी जाहिर करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान मंत्री केदार कश्यप ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़क निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा से पहले पूर्ण किया जाए ताकि आम जनता को जल्द से जल्द बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।
मंत्री ने कहा कि कोंडागांव और नारायणपुर को जोड़ने वाला यह मुख्य मार्ग क्षेत्र की जीवनरेखा है। लंबे समय से इस सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब राज्य सरकार इस मार्ग को बेहतर और सुरक्षित बनाने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन की सरकार प्रदेश में मजबूत और सुविधाजनक यातायात व्यवस्था विकसित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।

निरीक्षण के दौरान मंत्री केदार कश्यप ने सड़क निर्माण की तकनीकी गुणवत्ता, निर्माण सामग्री और कार्य की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से पूछा कि किन कारणों से निर्माण कार्य की गति प्रभावित हो रही है और गुणवत्ता को लेकर शिकायतें क्यों सामने आ रही हैं। इस पर अधिकारियों ने निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति और आगे की कार्ययोजना की जानकारी दी।
मंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री तय मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। यदि कहीं भी गुणवत्ता में कमी पाई गई तो संबंधित एजेंसी और अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता के पैसे से बनने वाले विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस दौरान मंत्री ने निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि सड़क किनारे सुरक्षा व्यवस्था, जल निकासी और यातायात संचालन पर भी विशेष ध्यान दिया जाए ताकि निर्माण कार्य के दौरान आम नागरिकों को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण केवल औपचारिकता नहीं बल्कि जनता की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।
निरीक्षण कार्यक्रम में कलेक्टर नम्रता जैन सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि सड़क निर्माण कार्य तेजी से जारी है और तय मानकों के अनुसार कार्य पूर्ण कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं स्थानीय लोगों ने भी मंत्री के सामने सड़क निर्माण की गुणवत्ता और धीमी गति को लेकर अपनी समस्याएं रखीं।
मंत्री केदार कश्यप ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और हर स्तर पर गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद कोंडागांव, नारायणपुर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापार, आवागमन और विकास गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि यह सड़क गुणवत्तापूर्ण तरीके से बनती है तो लोगों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी और क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। वहीं मंत्री के सख्त तेवर के बाद निर्माण एजेंसी और अधिकारियों में भी हलचल देखने को मिली।
प्रदेश सरकार द्वारा सड़क और आधारभूत संरचना विकास को प्राथमिकता देने के बीच मंत्री केदार कश्यप का यह निरीक्षण प्रशासनिक स्तर पर एक बड़ा संदेश माना जा रहा है कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर अब किसी प्रकार की ढिलाई नहीं चलेगी।

