May 17, 2026

करोड़ों की नशीली सामग्री भट्ठी में जलाकर नष्ट, 52 मामलों का बड़ा निपटारा

0
IMG-20260516-WA0026_copy_800x533

रायपुर – नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त प्रतिबंधित मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया। शुक्रवार को सिलतरा स्थित जायसवाल निको कंपनी के पावर प्लांट में जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में भारी मात्रा में गांजा, अफीम, हेरोइन, प्रतिबंधित टैबलेट, कैप्सूल और नशीली सिरप को भट्ठी में जलाकर नष्ट किया गया।

पुलिस विभाग के अनुसार यह कार्रवाई केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय एवं नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की गई। रायपुर जिला ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में पूरे नष्टीकरण की प्रक्रिया पारदर्शिता और सुरक्षा मानकों के तहत संपन्न कराई गई। इस दौरान पर्यावरणीय मानकों का विशेष ध्यान रखा गया तथा पर्यावरण विभाग से अनुमति लेने के बाद ही नशीले पदार्थों को नष्ट किया गया।

जानकारी के मुताबिक रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन क्षेत्रांतर्गत विभिन्न थानों में दर्ज कुल 52 एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। इनमें सबसे अधिक मात्रा गांजे की रही। पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार कुल 272.027 किलोग्राम गांजा, 2.150 किलोग्राम डोडा, 484.49 ग्राम अफीम, 37.839 ग्राम हेरोइन, 5036 नग प्रतिबंधित टैबलेट एवं कैप्सूल तथा 545 शीशी नशीली सिरप को फर्नेस में जलाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।

इस महत्वपूर्ण कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर, उपायुक्त आबकारी राजेश कुमार शर्मा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, थाना प्रभारी खम्हारडीह मानसी नानाभाऊ साकोरे, थाना प्रभारी उरला निरीक्षक रोहित मालेकर तथा थाना प्रभारी गुढ़ियारी निरीक्षक बी.एल. चंद्राकर सहित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी के सदस्य मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूरे नष्टीकरण कार्य की निगरानी की और सभी प्रक्रियाओं को वीडियोग्राफी तथा आवश्यक दस्तावेजीकरण के साथ संपन्न कराया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त मादक पदार्थों को लंबे समय तक मालखानों में रखने से सुरक्षा संबंधी खतरे बढ़ जाते हैं। इसके साथ ही अवैध तरीके से इनके दुरुपयोग की आशंका भी बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नशीले पदार्थों का नष्टीकरण किया जाता है।
रायपुर पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार पर लगातार सख्ती बरती जा रही है। बीते कुछ महीनों में कमिश्नरेट पुलिस ने गांजा तस्करी, हेरोइन सप्लाई और प्रतिबंधित दवाइयों के अवैध कारोबार पर कई बड़ी कार्रवाई की हैं। पुलिस का मानना है कि नशा युवाओं को अपराध की ओर धकेलता है और समाज को खोखला करता है, इसलिए इस अवैध कारोबार में शामिल तस्करों और सप्लायरों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

इस कार्रवाई को रायपुर कमिश्नरेट की नशे के खिलाफ बड़ी और निर्णायक पहल माना जा रहा है। बड़ी मात्रा में जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण से पुलिस ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि राजधानी में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास नशे के कारोबार या मादक पदार्थों की तस्करी संबंधी कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed