May 8, 2026

NDPS की बड़ी कार्रवाई, अफीम और डोडा के साथ ट्रेलर चालक गिरफ्तार

0
IMG-20260508-WA0012_copy_800x696

छत्तीसगढ़ – रायपुर पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना आमानाका क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 79.30 ग्राम अफीम और 4 किलो 432 ग्राम डोडा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थों और वाहन की कुल कीमत करीब 15 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। कार्रवाई पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन के निर्देशन में की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7 मई 2026 को था आमानाका पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अटारी रोड स्थित डीआरजी ट्रांसपोर्ट के सामने एक ट्रेलर खड़ा है, जिसके चालक के पास प्रतिबंधित मादक पदार्थ अफीम और डोडा मौजूद है। सूचना में यह भी बताया गया कि आरोपी इन मादक पदार्थों की बिक्री करने की फिराक में है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र संदीप पटेल के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। एडीसीपी राहुल देव शर्मा, एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर और एसीपी आजाद चौक ईशु अग्रवाल के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी आमानाका को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इसके बाद थाना आमानाका पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर द्वारा बताए गए ट्रेलर क्रमांक PB-05-AB-9313 की घेराबंदी कर चालक को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बलराम सिंह पिता धरम सिंह उम्र 55 वर्ष बताया। आरोपी मूल रूप से खानोवाल थाना अजनाला जिला अमृतसर पंजाब का रहने वाला है और वर्तमान में रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हीरापुर ज्ञान भारती स्कूल के पास जनता क्वार्टर में रह रहा था।

पुलिस द्वारा ट्रेलर और आरोपी की तलाशी लेने पर वाहन के भीतर से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने एक बोरी में रखा 4 किलो 432 ग्राम डोडा तथा प्लास्टिक की जिप पन्नी में रखा 79.30 ग्राम अफीम जब्त किया। इसके अलावा एक रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल किया गया ट्रेलर वाहन भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 150/26 के तहत धारा 15(B) और 18(B) NDPS एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में मादक पदार्थों की सप्लाई चेन और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अब इस मामले में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

रायपुर पुलिस लगातार शहर में नशे के कारोबार पर शिकंजा कस रही है। पश्चिम जोन पुलिस द्वारा हाल के दिनों में मादक पदार्थों के खिलाफ कई प्रभावी कार्रवाइयां की गई हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि आरोपी ट्रेलर के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ शहर में खपने से पहले ही जब्त कर लिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *