सुशासन तिहार 2026—माना कैम्प में जन समस्या निवारण शिविर, 463 आवेदन प्राप्त, 114 हितग्राहियों को मौके पर मिला लाभ
माना कैम्प – सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत दिनांक 04 मई 2026 को नगर पंचायत माना कैम्प के वार्ड क्रमांक 11 स्थित मंगल भवन में जन समस्या निवारण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। शिविर के दौरान कुल 463 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 396 मांग से संबंधित तथा 67 शिकायतें शामिल रहीं।
प्रशासन की तत्परता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मौके पर ही 114 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत तत्काल लाभान्वित किया गया। वहीं कुछ ऐसे आवेदन भी प्राप्त हुए हैं, जिनका निराकरण आगामी 2 से 3 दिनों के भीतर करने का आश्वासन अधिकारियों द्वारा दिया गया है।

इस शिविर में सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे, जिससे आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े और एक ही स्थान पर त्वरित समाधान मिल सके। शिविर में प्रमुख रूप से अपर जिला दंडाधिकारी (ADM) कीर्तिमान सिंह राठौर, ADM यू.एन. बांदे, लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यपालन अभियंता (EE) राजीव नशीने, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) सौरभ बाजपेयी, नगर पंचायत माना के अध्यक्ष संजय यादव सहित सभी पार्षदगण उपस्थित रहे।
शिविर में राशन कार्ड, बिजली समस्या, आयुष्मान कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल (CSEB) सहित कई विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों ने गंभीरता से प्रत्येक आवेदन को सुना और मौके पर ही समाधान की दिशा में कार्रवाई की।

विशेष रूप से शिविर में 5 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन प्रदान किया गया। इसके अलावा 11 हितग्राहियों को राशन कार्ड मौके पर ही वितरित किए गए। वहीं परिवहन विभाग की ओर से 7 हितग्राहियों को तत्काल ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए गए, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली।
सामाजिक संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक दिव्यांग हितग्राही को व्हीलचेयर भी तत्काल प्रदान की गई, जिससे शिविर में मानवीय पहलू भी देखने को मिला। इस पहल की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की और प्रशासन के प्रयासों को जनहित में प्रभावी बताया।
सुशासन तिहार के तहत आयोजित ऐसे शिविरों का उद्देश्य शासन की योजनाओं को सीधे आम जनता तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। माना कैम्प में आयोजित यह शिविर इस उद्देश्य को सफलतापूर्वक पूरा करता नजर आया, जहां एक ही मंच पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इस तरह के शिविरों से न केवल समय की बचत होती है, बल्कि अधिकारियों से सीधे संवाद का अवसर भी मिलता है। प्रशासन ने भी भरोसा दिलाया है कि आगे भी इस प्रकार के शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

