रायपुर में हेरोइन सप्लाई गैंग का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ – राजधानी रायपुर में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) की सप्लाई करने वाले गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में दुर्ग जिले का एक तस्कर भी शामिल है, जो रायपुर में नेटवर्क बनाकर नशे की सप्लाई कर रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 3 मई 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि नरैय्या तालाब स्थित सुलभ शौचालय के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति हेरोइन लेकर ग्राहकों की तलाश में खड़े हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) श्री उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में टीम का गठन किया गया।
संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। जैसे ही पुलिस ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, वे भागने लगे। इस पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर चारों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम राजवीर सिंह, मोहम्मद अयान, उबैद रजा और मोहम्मद शरीफ बताए।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 11 ग्राम 990 मिलीग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 215/26 के तहत धारा 21(ए) और 29 नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में राजवीर सिंह (23 वर्ष) निवासी न्यू खुर्सीपार, भिलाई जिला दुर्ग, मोहम्मद अयान (20 वर्ष) निवासी संजय नगर टिकरापारा रायपुर, उबैद रजा (19 वर्ष) निवासी बैजनाथपारा रायपुर और मोहम्मद शरीफ (24 वर्ष) निवासी बैरनबाजार रायपुर शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लगातार की जा रही सख्त कार्रवाई और बढ़ते दबाव के कारण अब नशा तस्कर सरहदी जिलों से सप्लाई कर रहे हैं। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके फॉरवर्ड व बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर अन्य संलिप्त लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए एंड-टू-एंड कार्रवाई कर रही है।
रायपुर पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

