ICICI प्रूडेंशियल के नाम पर 63 लाख की ठगी: पूर्व सेल्स मैनेजर मयूर बारमेडा गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ – राजधानी रायपुर में निवेश के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। थाना खमतराई पुलिस ने ICICI Prudential Life Insurance कंपनी के नाम पर 63 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी मयूर बारमेडा को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने प्रार्थी और उसके परिजनों को निवेश का झांसा देकर वर्षों तक सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अमन अग्रवाल (निवासी भनपुरी, रायपुर) ने 1 मई 2026 को थाना खमतराई में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि मयूर बारमेडा, जो वर्ष 2008 से 2022 तक ICICI Prudential Life Insurance की तेलीबांधा शाखा में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत था, ने भरोसे का फायदा उठाकर प्रार्थी और उसके परिवार के सदस्यों से अलग-अलग चेक के माध्यम से वर्ष 2014 से 2021 के बीच कुल 63 लाख रुपये निवेश के नाम पर प्राप्त किए।
प्रार्थी ने जब अपने निवेश और पॉलिसी से संबंधित दस्तावेज मांगे, तो आरोपी ने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। संदेह होने पर प्रार्थी ने कंपनी शाखा में जाकर जांच कराई, जहां खुलासा हुआ कि उनके नाम से कोई वैध पॉलिसी नहीं है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने प्राप्त चेक का दुरुपयोग करते हुए रकम को अन्य व्यक्तियों के नाम पर निवेश किया और उससे प्राप्त धनराशि का स्वयं लाभ उठाता रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना खमतराई में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 309/2026 के तहत धारा 409 (आपराधिक न्यास भंग) और 420 (धोखाधड़ी) भादवि के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने साक्ष्य जुटाते हुए आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मयूर बारमेडा पंडरी स्थित अपने प्रतिष्ठान “चाय गोविंदम” में मौजूद है। टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया और पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे 2 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी मयूर बारमेडा (44 वर्ष), पिता स्वर्गीय मनसुखलाल बारमेडा, निवासी गीतांजलि नगर, थाना खम्हारडीह रायपुर का रहने वाला है।
इस पूरी कार्रवाई को पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में अंजाम दिया गया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में नॉर्थ जोन के थाना प्रभारियों द्वारा लगातार ठगी और धोखाधड़ी के मामलों में कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले संबंधित कंपनी और एजेंट की पूरी जानकारी और दस्तावेजों की जांच जरूर करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि इस तरह के अपराधों पर समय रहते रोक लगाई जा सके।

