April 30, 2026

नशे पर बड़ा वार: थार से 11 लाख की हेरोइन बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260430-WA0016

छत्तीसगढ़ – रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम क्षेत्र में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना न्यू राजेंद्र नगर क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक थार वाहन से 18.38 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जप्त सामग्री की कुल कीमत करीब 11 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल को न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अमलीडीह स्थित स्टार वैली स्कूल के पास एक काले रंग की थार (क्रमांक CG 04 QE 9904) में सवार तीन युवक मादक पदार्थ की बिक्री के लिए घूम रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) संदीप पटेल के निर्देशन में टीम गठित की गई।

एडीसीपी राहुल देव शर्मा, एसीपी आजाद चौक इशू अग्रवाल और एसीपी न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी न्यू राजेंद्र नगर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका गया और उसमें सवार तीनों व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम दीपक कोसरिया, खालिद खान और प्रतीक सिंह बताए। तलाशी लेने पर वाहन से 18.38 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। इसके साथ ही एक थार वाहन और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में प्रतीक सिंह (29 वर्ष), निवासी लक्ष्मणपुर, थाना छुईखदान, जिला केसीजी; खालिद खान (23 वर्ष) और दीपक कोसरिया (23 वर्ष), दोनों निवासी महात्मा गांधी नगर, अमलीडीह, रायपुर शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना न्यू राजेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 166/26 के तहत धारा 21(बी) और 29 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस मामले में फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक के आधार पर अन्य संलिप्त लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए की जा रही है और जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।

इधर, रायपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। 23 जनवरी 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक पश्चिम क्षेत्र में NDPS एक्ट के तहत कुल 35 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 58 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है।

थाना-वार आंकड़ों पर नजर डालें तो पुरानी बस्ती में 4 प्रकरण में 6 आरोपी, डीडी नगर में 6 प्रकरण में 6 आरोपी, आमानाका में 3 प्रकरण में 7 आरोपी, आजाद चौक में 1 प्रकरण में 1 आरोपी, कबीर नगर में 4 प्रकरण में 7 आरोपी, राजेंद्र नगर में 7 प्रकरण में 9 आरोपी, टिकरापारा में 6 प्रकरण में 12 आरोपी तथा मुजगहन में 4 प्रकरण में 10 आरोपी पकड़े गए हैं।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर मादक पदार्थों के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं भी नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

रायपुर पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के कारोबारियों के खिलाफ एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जिससे आने वाले समय में इस तरह के अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed