महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 4.66 करोड़ का गांजा जब्त, केला ट्रक में छिपाकर हो रही थी तस्करी
छत्तीसगढ़ – महासमुंद पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क को करारा झटका दिया है। पुलिस ने एक आईशर प्रो 2059 वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजे की कुल मात्रा 912.760 किलोग्राम (करीब 9 क्विंटल 12 किलो) है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कार्यालय महासमुंद के निर्देशन में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना बसना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक ट्रक के जरिए भारी मात्रा में गांजा पलसापाली बैरियर की ओर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को चौंकाने वाला खुलासा हुआ। ट्रक में ऊपर से केला लोड किया गया था, लेकिन उसके नीचे 29 बोरियों में गांजा छुपाकर रखा गया था। पुलिस ने विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए सभी बोरियों को जब्त कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इस गांजे को ओडिशा से लाकर उत्तरप्रदेश में सप्लाई करने की तैयारी में था। तस्करों ने पुलिस को भ्रमित करने के लिए वाहन में फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल भी किया था। मौके से चार फर्जी नंबर प्लेट बरामद की गई हैं, जिनमें ओडिशा और उत्तरप्रदेश के नंबर शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अब्दुल नईम (42 वर्ष), निवासी जाकिर नगर, आजाद नगर थाना क्षेत्र, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), झारखंड के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 4 करोड़ 66 लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। इसमें गांजा, परिवहन में प्रयुक्त वाहन, मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट शामिल हैं।
महासमुंद पुलिस की यह कार्रवाई जिले में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान का हिस्सा है। पुलिस द्वारा लगातार मादक पदार्थों की तस्करी पर निगरानी रखी जा रही है और सोर्स से लेकर डेस्टिनेशन तक की कड़ी जांच की जा रही है।
पुलिस विभाग के अनुसार, पिछले तीन महीनों में जिले में गांजा तस्करी के कुल 72 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 5629.602 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है। इस दौरान 187 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 52 आरोपी छत्तीसगढ़ के और 135 अन्य राज्यों के निवासी हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

