July 24, 2026

वीडियों – अडानी रेल परियोजना के विरोध पर बवाल: गिरफ्तारी के बाद भड़के ग्रामीण, कोतरा रोड थाना घेरकर पुलिस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

0
Screenshot_20260321_232658_copy_800x349


रायगढ़ – जिले के गेजामुड़ा गांव में प्रस्तावित अडानी रेल लाइन का विरोध अब उग्र रूप लेता जा रहा है। शुक्रवार शाम एक ग्रामीण की गिरफ्तारी के बाद सैकड़ों ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और देखते ही देखते कोतरा रोड थाना के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने थाना का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और गिरफ्तार व्यक्ति को तत्काल रिहा करने की मांग की।

जानकारी के मुताबिक, गेजामुड़ा और आसपास के गांवों के लोग लंबे समय से अडानी समूह की प्रस्तावित रेल लाइन का विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इस परियोजना से उनकी जमीन, जंगल और आजीविका पर सीधा असर पड़ेगा। कई बार प्रशासन को ज्ञापन सौंपने के बावजूद जब उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो विरोध और तेज हो गया।

इसी बीच शुक्रवार शाम पुलिस ने आंदोलन से जुड़े एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि यह गिरफ्तारी विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई किसी कथित घटना को लेकर की गई है। लेकिन जैसे ही गिरफ्तारी की खबर गांव पहुंची, ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सैकड़ों की संख्या में लोग एकजुट होकर सीधे कोतरा रोड थाना पहुंच गए और वहां जमकर हंगामा शुरू कर दिया।

थाना परिसर के बाहर घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर दमनात्मक कार्रवाई का आरोप लगाते हुए कहा कि शांतिपूर्ण विरोध को कुचलने की कोशिश की जा रही है। “हम अपनी जमीन और हक की लड़ाई लड़ रहे हैं, हमें डराने की कोशिश की जा रही है,” एक प्रदर्शनकारी ने गुस्से में कहा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ काफी देर तक उग्र बनी रही। प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी कि यदि गिरफ्तार व्यक्ति को जल्द रिहा नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

वहीं पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी कानून के तहत की गई है और मामले की जांच जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, किसी भी तरह की अवैध गतिविधि या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि विकास परियोजनाओं और स्थानीय लोगों के अधिकारों के बीच संतुलन कैसे बनाया जाए। फिलहाल गेजामुड़ा से लेकर रायगढ़ तक माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed