पुराना और जर्जर गेट टूटने से सड़क बनी नदी, खेतों तक पहुंचा पानी, फसलों को नुकसान की आशंका
रायगढ़ जिले के भूपदेवपुर क्षेत्र में स्थित बिलासपुर जलाशय में बीती रात एक बड़ा हादसा सामने आया, जब लगातार बारिश के बीच जलाशय का गेट अचानक टूट गया। गेट के टूटते ही जलाशय में संग्रहित भारी मात्रा में पानी तेज बहाव के साथ बाहर निकल पड़ा और देखते ही देखते रायगढ़–बिलासपुर नेशनल हाईवे पर फैल गया।
अचानक आई इस स्थिति से हाईवे पर पानी का सैलाब उमड़ पड़ा, जिससे पूरी सड़क जलमग्न हो गई। रात के समय ही आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया और कई वाहन जहां के तहां फंस गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक पानी का बहाव इतना तेज था कि सड़क पार कर आसपास के ग्रामीण इलाकों और खेतों तक पहुंच गया।
ग्रामीणों ने बताया कि जलाशय से निकला पानी उनके खेतों में भर गया है, जिससे फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका है। कई किसानों की खड़ी फसल जलभराव की चपेट में आ गई है, जिससे उनकी चिंता बढ़ गई है।
इस घटना को लेकर ग्रामीणों ने जल संसाधन विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बिलासपुर जलाशय का गेट वर्षों पुराना और जर्जर हो चुका था, लेकिन समय रहते उसका उचित मेंटेनेंस नहीं किया गया। लगातार अनदेखी के चलते गेट कमजोर हो गया था और बारिश के दबाव में वह भरभराकर टूट गया।
घटना के बाद प्रशासन और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। हालांकि, देर रात तक पानी का बहाव जारी रहने के कारण स्थिति को नियंत्रित करने में दिक्कतें आईं। प्रशासन द्वारा आवागमन को रोकते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है और क्षति का आकलन किया जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर से सरकारी विभागों की लापरवाही और पुराने ढांचों के मेंटेनेंस को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

