महिलाओं की सुरक्षा के लिए सड़कों पर उतरी ‘पिंक पेट्रोल’, स्कूल-कॉलेज और संवेदनशील इलाकों में बढ़ी निगरानी
रायपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा शुरू की गई पिंक पेट्रोल यूनिट का सकारात्मक असर अब शहर में साफ दिखाई देने लगा है। गर्ल्स स्कूल-कॉलेज, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग कर पुलिस महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा का भरोसा दिला रही है। इस पहल को आमजनों से भी सराहना मिल रही है।
पिछले दो दिनों में पिंक पेट्रोलिंग टीम ने शहर के कई स्कूलों और कॉलेजों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान महिलाओं की सहायता के लिए जारी महिला हेल्पलाइन नंबर 9479210932 की जानकारी दी गई और सुरक्षा से जुड़े जरूरी सुझाव देकर छात्राओं को जागरूक किया गया।
पुलिस टीम ने शहर के सार्वजनिक स्थानों, मॉल, मंदिरों, मरीन ड्राइव और ऑक्सीजोन गार्डन में भी पहुंचकर महिलाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। वहीं स्कूल-कॉलेजों के आसपास भीड़ लगाकर खड़े रहने वाले युवकों और मनचलों को मौके से हटाया गया और उन्हें कड़ी चेतावनी भी दी गई।

इसके साथ ही हेल्पलाइन नंबर पर प्राप्त शिकायतों पर भी त्वरित कार्रवाई की जा रही है। पिंक पेट्रोल यूनिट की सक्रियता से शहर की महिलाओं और छात्राओं में सुरक्षा की भावना मजबूत हो रही है।
दो शिफ्ट में होगी पेट्रोलिंग
पिंक पेट्रोल यूनिट प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक दो शिफ्टों में कार्य करेगी। सुबह मॉर्निंग वॉक वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा अलग-अलग समय में मंदिर, स्कूल-कॉलेज, मॉल, सब्जी बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी पेट्रोलिंग कर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

