वीडियों : शुभारंभ से पहले ही ‘शराब चौपाटी’! आमानाका ओवरब्रिज के नीचे नई चौपाटी में धड़ल्ले से बिक रही अवैध शराब,कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने सरकार और प्रशासन पर उठाए सवाल
छत्तीसगढ़– राजधानी रायपुर में आमानाका ओवरब्रिज के नीचे बनाई गई नई चौपाटी का अभी तक आधिकारिक शुभारंभ भी नहीं हुआ है, लेकिन उससे पहले ही यह जगह अवैध शराब और असामाजिक तत्वों का अड्डा बनती जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, शाम होते ही नई चौपाटी में खुलेआम अवैध शराब की बिक्री शुरू हो जाती है। यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगा है, जिससे आसपास के लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। जिस चौपाटी को परिवारों और युवाओं के लिए मनोरंजन स्थल के रूप में विकसित किया गया था, वही अब शराबखोरी और अवैध गतिविधियों का केंद्र बनती नजर आ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चौपाटी के आसपास खुलेआम शराब पीने और बेचने का सिलसिला जारी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और पुलिस प्रशासन इस पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई करते नहीं दिख रहे हैं।
इस मामले को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने भी सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि शहर के बीचों-बीच इस तरह अवैध शराब की बिक्री बेहद गंभीर मामला है और इसे तुरंत बंद कराया जाना चाहिए। साथ ही दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
अब बड़ा सवाल यह है कि जिस चौपाटी का अभी तक उद्घाटन भी नहीं हुआ, वहां अवैध शराब का कारोबार किसकी सरपरस्ती में चल रहा है? और आखिर प्रशासन कब तक इस पर आंख मूंदे बैठे रहेगा?

