8 करोड़ की अफीम की खेती का भंडाफोड़! मक्का के खेत में उग रहा था नशे का साम्राज्य, भाजपा नेता विनायक ताम्रकार समेत 3 आरोपी
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस और अन्य विभागों की संयुक्त टीम ने करोड़ों रुपये की अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है। थाना पुलगांव क्षेत्र के ग्राम समोदा, झेनझरी और सिरसा के बीच स्थित खेत में लगभग 5 एकड़ 62 डिसमिल जमीन पर उगाई गई अफीम की फसल को जप्त किया गया है। जप्त अफीम के पौधों की अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपये आंकी गई है।

मक्का की फसल के बीच छिपाकर उगाई जा रही थी अफीम
पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध अफीम की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना पुलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान पाया गया कि मक्का/भुट्टे की फसल के बीच-बीच में अफीम के पौधे लगाए गए थे, ताकि अवैध खेती को छिपाया जा सके। संयुक्त टीम ने खेत का निरीक्षण कर पूरे क्षेत्र में लगे अफीम के पौधों को जप्त कर लिया। इस कार्रवाई में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB), फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL), आबकारी विभाग और राजस्व विभाग की टीम भी शामिल रही।
10 एकड़ से ज्यादा जमीन के रिकॉर्ड की जांच
राजस्व विभाग ने मौके पर पहुंचकर भूमि अभिलेखों की जांच की। जांच में पता चला कि यह जमीन ग्राम झेनझरी तहसील दुर्ग के खसरा नंबर 309 (80 डिसमिल) और खसरा नंबर 310 (9 एकड़ 92 डिसमिल) में दर्ज है। कुल मिलाकर 10 एकड़ 72 डिसमिल भूमि का रिकॉर्ड सामने आया है।

भाजपा नेता सहित 3 आरोपी
इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को आरोपी बनाया है।
आरोपी –
विनायक ताम्रकार (58) निवासी तेमरापारा दुर्ग
विकास बिश्नोई (27) निवासी जोधपुर (राजस्थान), हाल मुकाम समोदा
मनीष ठाकुर (45)
प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि अफीम की खेती के लिए बाहर से लोगों को बुलाकर काम कराया जा रहा था।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने मामले में NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। जप्त अफीम के पौधों की न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष विधिवत सैंपलिंग भी कराई गई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

कई विभागों की संयुक्त कार्रवाई
इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चन्द्रा, सीएसपी हर्षित मेहर, एसडीओपी धमधा चित्रा वर्मा, सीएसपी भिलाई नगर सत्य प्रकाश, थाना पुलगांव पुलिस, जेवरा–सिरसा चौकी पुलिस, NCB, FSL, आबकारी और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों के उत्पादन, परिवहन या अवैध कारोबार से जुड़ी किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।

