March 7, 2026

वीडियों ; भाजपा नेता के खेत में अफीम की खेती! दुर्ग के समोदा में बड़ा खुलासा, सरपंच की शिकायत पर पुलिस का छापा

0
Screenshot_20260306_212254_copy_800x513

रिपोर्ट – बिप्लव दत्ता

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के समोदा गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के खेत में कथित रूप से अफीम की खेती किए जाने का खुलासा हुआ है। गांव के सरपंच की शिकायत के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और खेत में लगी संदिग्ध फसल की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के मुताबिक, गांव में लंबे समय से खेत में लगाई गई फसल को लेकर लोगों को शक था। जब सरपंच को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम समोदा गांव पहुंची और खेत का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में अफीम की खेती होने की बात सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने फसल को नष्ट करने और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।

इस घटना के सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात करने वाले दल के नेता के खेत में ही नशे की फसल उगना कई सवाल खड़े करता है।
सियासत भी गरमाने लगी है।

इस मामले को लेकर विपक्ष ने सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। विपक्षी नेताओं का कहना है कि एक तरफ सरकार शराब बेचकर राजस्व कमा रही है, दूसरी तरफ उसके ही नेता नशे की खेती करते पकड़े जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फसल के नमूने जांच के लिए भेजे जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अब सवाल यह है कि अगर आरोप सही साबित होते हैं तो क्या कानून का शिकंजा नेता तक पहुंचेगा या मामला राजनीतिक दबाव में ठंडे बस्ते में चला जाएगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed