March 6, 2026

नक्सली उन्मूलन अभियान के तहत सीआरपीएफ 211 बटालियन का सिविक एक्शन, सुदूर अंचल के ग्रामीणों को बांटी गई जरूरतमंद सामग्री

0
IMG-20260226-WA0002

छत्तीसगढ़ – नक्सल प्रभावित इलाकों में विश्वास बहाली और जनकल्याण के उद्देश्य से केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 211 बटालियन द्वारा सिविक एक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गरियाबंद जिला के थाना शोभा क्षेत्र अंतर्गत शासकीय प्राथमिक कन्या आश्रम शाला, शोभा के खेल मैदान में संपन्न हुआ।
नक्सली उन्मूलन अभियान के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की मंशा से सीआरपीएफ की ई/211 कंपनी लगातार सिविक एक्शन और जनकल्याणकारी कार्यक्रम चला रही है। इन प्रयासों से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आम नागरिकों का स्थानीय पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के प्रति भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है, जिसका सीधा असर नक्सली गतिविधियों पर भी देखने को मिल रहा है।

25 फरवरी 2026, बुधवार को आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विजय प्रताप (कमांडेंट, 211 बटालियन) ने की। कार्यक्रम में रंजन कुमार बहाली (द्वितीय कमान अधिकारी), ईकबाल अहमद (उप कमांडेंट), डॉ. देविनेनि तपस्वनि (चिकित्सा अधिकारी), संतोष कुमार (सहायक कमांडेंट, ई/211 कंपनी) सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संजय नेताम (जिला पंचायत सदस्य, मैनपुर डिवीजन), ज्ञानेश्वर सिंह गंगवार (थाना प्रभारी, शोभा), घनश्याम मरकाम (सरपंच, ग्राम पंचायत शोभा), नरवती नरेश नेताम (सरपंच, ग्राम पंचायत गोना), फुलमती नेताम (सरपंच, ग्राम पंचायत अडगड़ी), चुन्नीलाल नेगी (प्रधानाचार्य) सहित शिक्षकगण तथा ग्राम शोभा, गोना और पेंड्रा के बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।
सिविक एक्शन कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत शोभा, गोना और अडगड़ी के अंतर्गत आने वाले जरूरतमंद ग्रामीणों को टेलीविजन, कंबल, सोलर लालटेन, पानी भंडारण के लिए सिंटेक्स टंकी, गैंती, फावड़ा, साड़ी, लुंगी, गमछा, चप्पल, बर्तन (पतीला, डेगचा, भगोना), स्टील प्लेट और ग्लास वितरित किए गए। वहीं बच्चों और युवाओं को खेल सामग्री जैसे क्रिकेट बैट, टेनिस बॉल, क्रिकेट स्टंप, फुटबॉल, वॉलीबॉल और वॉलीबॉल नेट दिए गए। स्कूली बच्चों को स्कूल बैग, स्कूल ड्रेस और स्टेशनरी सामग्री भी प्रदान की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमांडेंट विजय प्रताप ने कहा कि सीआरपीएफ नक्सल प्रभावित इलाकों में केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि जनकल्याण और सेवा को भी अपनी प्राथमिकता मानती है। भविष्य में भी इस तरह के सिविक एक्शन और निःशुल्क चिकित्सा शिविरों के माध्यम से क्षेत्रवासियों की मदद जारी रहेगी।

कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सीआरपीएफ द्वारा किए जा रहे इन प्रयासों की सराहना की और सुरक्षा बलों का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed