विधानसभा अध्यक्ष की पत्रकार वार्ता: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र की रूपरेखा जारी
रायपुर – छत्तीसगढ़ विधानसभा के अष्टम सत्र (बजट सत्र) की तैयारियों और कार्यसूची को लेकर शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने पत्रकार वार्ता की। यह वार्ता उनके निवास कार्यालय, ई-1 स्पीकर हाउस, शंकर नगर, रायपुर में आयोजित हुई।
अध्यक्ष ने बताया कि छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से 20 मार्च 2026 तक आहूत किया गया है। सत्र के दौरान कुल 15 बैठकें प्रस्तावित हैं। सत्र की शुरुआत सोमवार, 23 फरवरी 2026 को पूर्वाह्न 11.05 बजे माननीय राज्यपाल के अभिभाषण से होगी।
राज्यपाल के अभिभाषण पर कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव पर चर्चा बुधवार, 25 फरवरी 2026 को की जाएगी। राज्यपाल के अभिभाषण का दूरदर्शन एवं आकाशवाणी से सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।
विधि-विषयक कार्य
सत्र में अब तक शासन को दो महत्वपूर्ण विधेयकों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं—
छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता विधेयक, 2026
छत्तीसगढ़ लोक सुरक्षा (उपाय) प्रवर्तन विधेयक, 2026
प्रश्न, स्थगन एवं ध्यानाकर्षण सूचनाएं
अध्यक्ष ने बताया कि इस सत्र के लिए माननीय सदस्यों से कुल 2813 सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। इनमें—
तारांकित प्रश्न: 1437
अतारांकित प्रश्न: 1376
इसके अतिरिक्त—
ध्यानाकर्षण प्रस्ताव: 61
नियम 139 के तहत अल्पकालिक लोक महत्व विषय पर चर्चा हेतु: 01
अशासकीय संकल्प: 13
शून्यकाल: 09
याचिकाएं: 112
वित्तीय कार्यों का कार्यक्रम
वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी वर्ष 2026–27 का आय-व्ययक मंगलवार, 24 फरवरी 2026 को अपराह्न 12.30 बजे प्रस्तुत करेंगे। बजट भाषण का दूरदर्शन रायपुर एवं आकाशवाणी रायपुर से सीधा प्रसारण किया जाएगा।
26 एवं 27 फरवरी 2026: आय-व्ययक पर सामान्य चर्चा
9 से 17 मार्च 2026: विभागवार अनुदान मांगों पर चर्चा
17 मार्च 2026: विनियोग विधेयक का पुनःस्थापन
18 मार्च 2026: विनियोग विधेयक पर चर्चा एवं पारण
पत्रकार वार्ता में अध्यक्ष महोदय ने मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए सत्र के सुचारु एवं गरिमामय संचालन का भरोसा दिलाया।

