शैक्षणिक सत्र 2026: ICFAI यूनिवर्सिटी रायपुर ने जारी किया नया प्रॉस्पेक्टस, नवाचार और इंडस्ट्री फोकस पर जोर
( बिप्लव दत्ता ) रायपुर – ICFAI यूनिवर्सिटी रायपुर ने शैक्षणिक सत्र 2026 में प्रवेश के लिए अपना नवीन प्रॉस्पेक्टस जारी किया। इस अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यूनिवर्सिटी के वाइस-चांसलर प्रो. (डॉ.) शिव दयाल पांडे ने मीडिया को संबोधित करते हुए यूनिवर्सिटी की शैक्षणिक दृष्टि, नवाचार और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।
प्रो. (डॉ.) पांडे ने कहा कि ICFAI यूनिवर्सिटी विज्ञान, तकनीकी नवाचार, शोध, कानूनी अभ्यास और पाठ्यक्रम सहगामी गतिविधियों के माध्यम से छात्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वे अकादमिक के साथ-साथ व्यावहारिक जीवन में भी सफल हो सकें।

उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी में 2-वर्षीय, 3-वर्षीय, 4-वर्षीय (ऑनर्स) अंडरग्रेजुएट, पोस्टग्रेजुएट एवं डिप्लोमा प्रोग्राम संचालित किए जा रहे हैं, जिन्हें उद्योग और वैश्विक आवश्यकताओं के अनुरूप प्रोफेशनली डिज़ाइन किया गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी जानकारी दी गई कि स्टार्ट-अप संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए यूनिवर्सिटी एक अत्याधुनिक इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित करने जा रही है। साथ ही छात्रों को अंतरराष्ट्रीय करियर के लिए तैयार करने हेतु विदेशी भाषा प्रयोगशाला की स्थापना का भी प्रस्ताव है।
प्रो. (डॉ.) पांडे ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026 में इंडस्ट्री और एकेडमिक जगत के बीच बेहतर तालमेल के लिए कई महत्वपूर्ण MoU किए जा रहे हैं, जिससे छात्रों को प्रैक्टिकल एक्सपोज़र और बेहतर करियर अवसर मिलेंगे।
कार्यक्रम के अंत में ICFAI ग्रुप इंफॉर्मेशन डिपार्टमेंट (IGID) के चीफ मैनेजर सुमित राठौरा ने धन्यवाद प्रस्ताव रखा और यूनिवर्सिटी की मजबूत इंडस्ट्री-एकेडेमिया पार्टनरशिप पर प्रकाश डाला।
उल्लेखनीय है कि ICFAI यूनिवर्सिटी रायपुर का यह प्रॉस्पेक्टस शैक्षणिक सत्र 2026 की प्रवेश प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

