March 6, 2026

पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मध्य जोन में समीक्षा बैठक,राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी रहे मौजूद

0
IMG-20260125-WA0055(1)


छत्तीसगढ़ – रायपुर जिले में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त, मध्य जोन (डीसीपी सेंट्रल) उमेश प्रसाद गुप्ता की अध्यक्षता में एसीपी कोतवाली कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी

बैठक में राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे। इस दौरान कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा जनहित में संवेदनशील, अनुशासित एवं कुशल पुलिसिंग सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

विजिबल पुलिसिंग को सर्वोच्च प्राथमिकता

डीसीपी सेंट्रल उमेश प्रसाद गुप्ता ने क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने, विजिबल पुलिसिंग को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, बैंकों एवं एटीएम की नियमित जांच तथा रात्रि गश्त को सघन और प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। रात्रि गश्त में बल की तैनाती की समीक्षा कर नई गश्त प्रणाली तैयार करने पर भी चर्चा की गई।

चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश

उन्होंने असामाजिक तत्वों, गुंडा-बदमाशों एवं आदतन अपराधियों पर सतत निगरानी रखने, थाना हाजिरी सुनिश्चित कराने तथा चाकूबाजी, नशा तस्करी व अन्य अवैध गतिविधियों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही शराब भट्ठियों, अहातों, होटल, लॉज, ढाबों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस कर्मियों में अनुशासन सुनिश्चित करने के निर्देश

बैठक में बाल अपराध, महिला अपराध, भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत गंभीर अपराधों एवं साइबर अपराधों में त्वरित संज्ञान लेकर शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके अलावा बस्तियों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और अड्डेबाजों की नियमित जांच, संदिग्ध वाहनों की चेकिंग, आम नागरिकों से शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने तथा पुलिस कर्मियों में अनुशासन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मजबूत करने के लिए विशेष सतर्कता

गणतंत्र दिवस को दृष्टिगत रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए विशेष सतर्कता, गश्त एवं जांच अभियान तेज करने के निर्देश भी दिए गए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी अथवा कर्मचारी की व्यक्तिगत जवाबदेही तय किए जाने की चेतावनी दी गई।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सेंट्रल तारकेश्वर पटेल, एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा, एसीपी सिविल लाइन रमाकांत साहू सहित कोतवाली, सिविल लाइन, तेलीबांधा, गोलबाजार, मौदहापारा, गंज एवं देवेंद्र नगर थाना प्रभारियों की उपस्थिति रही।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के आदेश

अंत में सभी थाना प्रभारियों को माननीय पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के आदेशों का अक्षरशः पालन करते हुए मध्य जोन क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्ण सजगता एवं सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed