March 7, 2026

रायपुर पुलिस कमिश्नर की बैठक: चाकूबाजी, नशा, अड्डेबाजी पर सख्त कार्रवाई, विजिबल पुलिसिंग व यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश

0
IMG-20260124-WA0030_copy_800x533

छत्तीसगढ़ – रायपुर कमिश्नरेट के प्रथम पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा आज सिविल लाइन रायपुर स्थित सी-4 भवन के सभाकक्ष में कमिश्नरेट रायपुर के समस्त पुलिस अधिकारियों की प्रथम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर, डिप्टी पुलिस कमिश्नर, एडिशनल डिप्टी पुलिस कमिश्नर, असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर एवं थाना प्रभारियों सहित सभी अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान पुलिस कमिश्नर ने रायपुर कमिश्नरेट की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालते हुए निम्नलिखित निर्देश दिए:

विजिबल पुलिसिंग को बढ़ाना, पैदल पेट्रोलिंग और रात्रि गस्त को और अधिक मजबूत करना।


चाकूबाजी, नशा, अड्डेबाजी पर पूर्ण नियंत्रण सुनिश्चित करना।
गुंडा एवं निगरानी बदमाशों पर प्रभावी निगरानी एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई।

प्रतिबंधित नशा के विक्रय पर पूर्णतः प्रतिबंध और संपूर्ण नेटवर्क पर कार्यवाही।

चाकूबाजी की छोटी से छोटी घटना पर भी कड़ी धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपियों पर कठोर कार्रवाई।


इसके अतिरिक्त, पुलिस कमिश्नर ने बिना अनुमति रैली, धरना, सामूहिक आयोजन जैसे कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए। निर्धारित समयावधि के पश्चात् बार, कैफे, रेस्टोरेंट आदि संस्थानों को अनिवार्य रूप से बंद कराने के निर्देश भी दिए गए।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु सभी अधिकारियों को सजग, सक्रिय एवं उत्तरदायी भूमिका निभाने तथा पुलिस कर्मियों में अनुशासन का उच्च स्तर बनाए रखने के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
बैठक के पश्चात पुलिस कमिश्नर द्वारा साइबर/क्राइम शाखा की भी बैठक ली गई, जिसमें साइबर अपराधों में वृद्धि को देखते हुए पीड़ितों को तत्काल आवश्यक सहायता देने और मुख्य आरोपियों तक पहुँचने के निर्देश दिए गए।

रात्रि 10 बजे से यातायात अधिकारियों की बैठक लेकर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु करने तथा चालानी कार्यवाही के नाम पर अनावश्यक परेशान नहीं करने के निर्देश भी दिए गए।

साथ ही जिला विशेष शाखा के अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक में कानून-व्यवस्था की दृष्टि से सूचना तंत्र को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed